नौगावां सांवरिया सेठ मंदिर ट्रस्ट की बैठक में श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए मंदिर व्यवस्थाओं में पारदर्शिता और सुगम दर्शन के लिए कई बड़े निर्णय लिए गए
मंदिर व्यवस्थाओं में सुधार के लिए बैठक
भीलवाड़ा, राजस्थान (पंकज पोरवाल)। नौगावां सांवरिया सेठ मंदिर में श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या और आगामी मुख्य त्योहारों को देखते हुए मंदिर ट्रस्ट की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। ट्रस्ट के अध्यक्ष गोविंद प्रसाद सोडाणी ने बताया कि बैठक में मंदिर की व्यवस्थाओं को अधिक सुगम और सनातन परंपराओं के अनुरूप बनाने के लिए कई बड़े निर्णय लिए गए हैं। इस बार मंदिर व्यवस्थाओं में पारदर्शिता बढ़ाने के विशेष उद्देश्य से तय किया गया है कि अब मंदिर का मुख्य दानपात्र हर पंद्रह दिन में खोला जाएगा।
दानराशि की गिनती पूरी तरह से सीसीटीवी कैमरों की कड़ी निगरानी में होगी और इसकी बाकायदा वीडियो रिकॉर्डिंग भी कराई जाएगी। इस पूरी नई व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने की जिम्मेदारी चंद्र प्रकाश आगाल घनश्याम डाड और केदार बाहेती को सौंपी गई है। इसके साथ ही मंदिर परिसर में होने वाले विशेष अनुष्ठानों और मुख्य पूजा अर्चना में बैठने वाले सभी श्रद्धालुओं के लिए अब पारंपरिक धोती पहनना पूरी तरह अनिवार्य कर दिया गया है जिससे धार्मिक मर्यादा बनी रहे।
इसके अलावा अमावस्या और पूर्णिमा के विशेष अवसरों पर अभिषेक करने वाले यजमानों की बढ़ती संख्या को देखते हुए भंवरलाल दरगड के सुझाव पर हवन कुंडों की संख्या बढ़ाने का निर्णय लिया गया है जिससे सभी श्रद्धालु सुलभ तरीके से आहुति दे सकें। इन सभी धार्मिक अनुष्ठानों और पूजा पद्धतियों को पंडित रमाकांत आचार्य पंडित प्रेम शंकर शर्मा पंडित प्रकाश शर्मा और दीपक पाराशर की देखरेख में संपन्न कराया जाएगा जिससे मंदिर व्यवस्थाओं में पारदर्शिता और धार्मिक शुद्धता सुनिश्चित की जा सके।
बैक्तक में आगामी चार सितंबर को आने वाले श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व की तैयारियों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। ट्रस्ट का मुख्य प्रयास रहेगा कि इस बार जन्माष्टमी पर भगवान कृष्ण के अत्यंत भव्य और अलौकिक स्वरूप के दर्शन भक्तों को कराए जाएं। वहीं रविवार अमावस्या पूर्णिमा और अन्य अवकाश के दिनों में उमड़ने वाली भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए दिनेश खोईवाल और बबलू सेन को विशेष दर्शन व्यवस्था का जिम्मा दिया गया है।
भीड़ के भारी दबाव को देखते हुए महिलाओं और पुरुषों के लिए एक दिन पहले से ही अलग अलग मजबूत बैरिकेडिंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी जिससे कतारें व्यवस्थित रहें। इसके अलावा मंदिर के चल रहे जीर्णाेद्धार कार्यों को समय पर और सुचारू रूप से पूरा करने के लिए सुनील नवाल को विशेष जिम्मेदारी दी गई है। इन सभी नए कदमों से भविष्य में मंदिर व्यवस्थाओं में पारदर्शिता के साथ साथ सुरक्षा व्यवस्था भी पहले से काफी मजबूत होगी।
सांवरिया सेठ के दरबार में आने वाले भक्तों की सुविधाओं का विस्तार करते हुए ट्रस्ट ने बताया कि दूर दराज से आने वाले श्रद्धालुओं के बैठने के लिए नवनिर्मित सत्संग भवन का शीघ्र ही शुभारंभ किया जाएगा। इसके साथ ही गौशाला परिसर में आने वाले भक्तों के लिए एक विशेष व्यवस्था शुरू की जा रही है जिसके तहत उन्हें पूजा के लिए पूरी तरह से सुव्यवस्थित थाल उपलब्ध कराई जाएगी और पंडित द्वारा विधिवत पूजा संपन्न कराई जाएगी।
बैठक में यह भी सराहा गया कि वर्ष दो हजार सोलह से मंदिर में अनवरत जल रही अखंड ज्योति के लिए मनीष बहेडिया द्वारा प्रति माह स्वेच्छा से गाय का शुद्ध घी उपलब्ध कराया जा रहा है जो उनकी अटूट आस्था को दर्शाता है। बैठक में संरक्षक डीपी अग्रवाल सचिव कैलाश डाड मनीष बहेडिया भंवरलाल दरगड गिरिराज काबरा सुनील नवाल सहित अनेक वरिष्ठ सदस्य मौजूद थे जबकि इस पूरी बैठक का सफल संचालन श्रवण सेन द्वारा किया गया।
अस्वीकरण (Disclaimer):
यह रिपोर्ट विश्वस्त समाचार एजेंसियों और स्रोतों से प्राप्त तथ्यों पर आधारित है। इसका प्रकाशन केवल सूचना के उद्देश्य से किया गया है। मंदिर ट्रस्ट के निर्णयों, वित्तीय व्यवस्थाओं और धार्मिक नियमों की आधिकारिक जानकारी पूरी तरह से संबंधित मंदिर प्रबंधन समिति के प्रस्तावों और नियमों के अधीन हैं। इस रिपोर्ट के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय के लिए लेखक, प्रकाशक एवं संपादक किसी भी रूप में उत्तरदायी नहीं होंगे।