नीमकाथाना नगर पालिका चुनाव 2026 में अध्यक्ष पद के लिए हुए मतदान में महेश मेगोतिया ने 3 मतों के अंतर से जीत दर्ज कर नया बोर्ड बनाया है।
महेश मेगोतिया ने दर्ज की बड़ी जीत
नीमकाथाना, राजस्थान (शिंभू सिंह शेखावत)। नीमकाथाना क्षेत्र में नगर पालिका चुनाव 2026 के तहत सोमवार को नीमकाथाना नगर पालिका में अध्यक्ष पद के लिए मतदान एवं निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान प्रशासन और पुलिस की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। खेतड़ी मोड़ से नेहरू पार्क तक आमजन के आवागमन को कुछ समय के लिए बंद रखा गया। पुलिस की चाक-चौबंद व्यवस्था के बीच मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। अध्यक्ष पद के चुनाव में कुल 39 पार्षदों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। एक महिला पार्षद के मतदान के लिए पहुंचने में देरी होने के कारण मतदान प्रक्रिया के दौरान कुछ समय तक इंतजार करना पड़ा। बार-बार अलाउंसमेंट किए जाने के बावजूद अंतिम समय तक पार्षद के नहीं पहुंचने से चुनावी हलकों में काफी उत्सुकता बनी रही।
मतगणना कार्य पूरा होने के बाद प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा महेश मेगोतिया के नगर पालिका अध्यक्ष पद पर निर्वाचित होने की आधिकारिक घोषणा कर दी गई। उपलब्ध चुनावी जानकारी के अनुसार उन्हें कुल 21 वोट प्राप्त हुए, जबकि विरोधी खेमे यानी भाजपा के पक्ष में 18 वोट पड़े बताए जा रहे हैं। इस प्रकार महेश मेंगोतिया ने कुल 3 मतों के अंतर से यह रोमांचक जीत दर्ज की है। इससे पहले भी वे नगर पालिका में उपाध्यक्ष पद का महत्वपूर्ण दायित्व संभाल चुके हैं, जिससे उनका प्रशासनिक अनुभव इस बार उनके बेहद काम आने की पूरी उम्मीद है। जीत की घोषणा होते ही सभागार में मौजूद लोगों ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष का स्वागत किया।
नगर पालिका चुनाव में अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी मिलने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने शहर के विकास को अपनी सबसे पहली प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने स्पष्ट किया कि नगर में स्वच्छता अभियान को गति देना, सड़कों के नए निर्माण एवं सुधार कार्य करना, जनहितकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करना तथा शहर के विकास और विस्तार को एक नई दिशा देना उनकी मुख्य प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। उन्होंने नगरवासियों, सभी जनप्रतिनिधियों, मीडिया कर्मियों, नगर पालिका के कर्मचारियों एवं अपने सभी कार्यकर्ताओं का हृदय से आभार जताया। उन्होंने विश्वास दिलाया कि जनता ने जो बड़ी जिम्मेदारी उन्हें सौंपी है, उसे पूरी निष्ठा और पारदर्शिता के साथ निभाया जाएगा।
नगर पालिका सभागार में वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों की विशेष मौजूदगी में नवनिर्वाचित अध्यक्ष को उनके पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। निर्वाचन परिणाम सामने आते ही समर्थकों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई और वे झूम उठे। शहर के विभिन्न हिस्सों में समर्थकों ने जमकर मिठाइयां बांटी और आतिशबाजी कर इस शानदार जीत का जश्न मनाया। कांग्रेस कार्यालय पर बड़ी संख्या में समर्थक एकत्रित हुए जहाँ विधायक सुरेश मोदी सहित कांग्रेस के तमाम वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने महेश मेंगोतिया की जीत पर गहरी प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाइयां दीं। इसके अलावा दूरभाष और सोशल मीडिया के माध्यम से भी लगातार शुभकामनाओं का तांता लगा रहा।
अध्यक्ष पद का चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने के बाद अब नगर पालिका में आगामी उपाध्यक्ष पद को लेकर राजनीतिक कवायद और चर्चाएं तेज हो गई हैं। अध्यक्ष पद के परिणाम के आने के बाद नगर की राजनीति में अगले कदमों को लेकर सुगबुगाहट शुरू हो गई है। अब नवनिर्वाचित अध्यक्ष के सामने शहर की जनता की उम्मीदों और अपेक्षाओं को धरातल पर उतारने की बड़ी चुनौती होगी। स्वच्छता, सड़क निर्माण, जल निकासी, रोशनी, यातायात व्यवस्था और अन्य नागरिक सुविधाएं शहर की मुख्य प्राथमिकताएं हैं, जिन्हें समयबद्ध तरीके से पूरा कराने पर नगरवासियों की पैनी नजर बनी रहेगी।
अस्वीकरण (Disclaimer):
यह रिपोर्ट विश्वस्त समाचार स्रोतों से प्राप्त तथ्यों पर आधारित है। इसका प्रकाशन केवल सूचना के उद्देश्य से किया गया है। नगर पालिका चुनाव नीमकाथाना और स्थानीय निकाय परिणामों से जुड़ी जानकारी पाठकों की जागरूकता के लिए दी गई है। इस रिपोर्ट के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय के लिए लेखक, प्रकाशक एवं संपादक किसी भी रूप में उत्तरदायी नहीं होंगे।