वेदांता मेटल बाजार ने वित्त वर्ष 2026 27 की पहली छमाही में लेनदेन मूल्य में 50 प्रतिशत से अधिक वृद्धि दर्ज की, डिजिटल लेनदेन भी 40 प्रतिशत से अधिक बढ़े।
प्रतीकात्मक फोटो
उदयपुर और भीलवाड़ा, राजस्थान (पंकज पोरवाल)। धातु खरीद में फोन कॉल, सौदेबाजी और कागजी प्रक्रिया की जगह अब डिजिटल माध्यम तेजी से ले रहा है। हिंदुस्तान जिंक के डिजिटल प्लेटफॉर्म वेदांता मेटल बाजार ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में लेनदेन मूल्य के आधार पर सालाना 50 प्रतिशत से अधिक बढ़ोतरी दर्ज की है। प्लेटफॉर्म पर डिजिटल लेनदेन भी 40 प्रतिशत से अधिक बढ़े हैं। कंपनी के अनुसार प्लेटफॉर्म 23 राज्यों के 500 से ज्यादा शहरों तक पहुंच बना चुका है। खास तौर पर एमएसएमई और छोटे खरीदारों के लिए यह धातु खरीद का तेज, पारदर्शी और तकनीक आधारित विकल्प बन रहा है।
वेदांता मेटल बाजार की शुरुआत साल 2022 में ऑनलाइन मेटल मार्केटप्लेस के रूप में हुई थी। प्लेटफॉर्म पर ग्राहक लाइव कीमत देख सकते हैं, उत्पाद का चयन कर ऑर्डर बुक कर सकते हैं। भुगतान, बिलिंग, डिस्पैच प्लानिंग और शिपमेंट ट्रैकिंग के साथ लेजर रिकंसिलिएशन की सुविधा भी डिजिटल रूप से उपलब्ध है। अंतरराष्ट्रीय बाजार से जुड़ी रियल टाइम कीमतों के आधार पर ग्राहकों को बाजार की स्थिति की जानकारी मिलती रहती है। वीएमबी पर जिंक और लेड की कीमत संबंधी सुविधाएं बाजार आधारित पारदर्शी मूल्य उपलब्ध कराती हैं। कंपनी के अनुसार इससे एमएसएमई और छोटे खरीदारों को प्रतिस्पर्धी कीमतों पर धातु खरीदने में मदद मिलती है।
वेदांता मेटल बाजार पर स्पेशल हाई ग्रेड जिंक, हाई ग्रेड जिंक, ग्रीन जिंक ईकोजेन, प्राइम वेस्टर्न जिंक, कंटीन्यूअस गैल्वेनाइजिंग ग्रेड जिंक, हाई ग्रेड जंबो जिंक, एलॉय 3, एलॉय 5 और स्पेशल हाई ग्रेड लेड सहित उत्पाद उपलब्ध हैं। हिंदुस्तान जिंक के अनुसार कंपनी 30 से अधिक देशों में ग्राहकों को अपने उत्पाद उपलब्ध कराती है। कंपनी के अनुसार उसके उत्पाद ईपीडी सत्यापन, बीआईएस प्रमाणन और यूरोपीय बाजारों के लिए आरईएसीएच मानकों के अनुरूप हैं। वेदांता मेटल बाजार में उपलब्ध सुविधाओं के जरिए ग्राहकों को उत्पाद चयन, कीमत और ऑर्डर से जुड़ी प्रक्रियाओं को डिजिटल माध्यम से पूरा करने का विकल्प मिलता है।
हिंदुस्तान जिंक के सीईओ अरमेंदु प्रकाश ने कहा कि भारत के तेजी से बढ़ते विनिर्माण क्षेत्र के लिए कच्चे माल की उपलब्धता के साथ खरीद प्रक्रिया का स्मार्ट और प्रभावी होना भी जरूरी है। उनके अनुसार वेदांता मेटल बाजार धातु खरीद को सरल, पारदर्शी और सुलभ बना रहा है तथा खासकर एमएसएमई और छोटे खरीदारों को इसका लाभ मिल रहा है। कंपनी अब प्लेटफॉर्म पर नई तकनीकों, लाइव प्राइसिंग और अंतरराष्ट्रीय ग्राहकों के लिए सुविधाओं का विस्तार कर रही है। भविष्य में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित सुविधाओं को जोड़ने की दिशा में भी काम किया जा रहा है। प्लेटफॉर्म के विस्तार के साथ डिजिटल धातु खरीद को और सुविधाजनक बनाने पर जोर है।
अस्वीकरण (Disclaimer):
यह रिपोर्ट प्रेस विज्ञप्ति से प्राप्त तथ्यों पर आधारित है। इसका प्रकाशन केवल सूचना के उद्देश्य से किया गया है। इस रिपोर्ट के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय के लिए लेखक, प्रकाशक एवं संपादक किसी भी रूप में उत्तरदायी नहीं होंगे।