भीलवाड़ा में बधर माता जागरण में 1000 से अधिक श्रद्धालु पहुंचे। भजन, महाआरती और कन्या भोज के बीच भक्त निवास निर्माण के लिए 12 लाख रुपये की घोषणा हुई।
बधर माता जागरण
भीलवाड़ा, राजस्थान (पंकज पोरवाल)। माहेश्वरी समाज की 14 गोत्रों की आराध्य कुलदेवी बधर माता के अश्विन शुक्ल सप्तमी पर आयोजित बधर माता जागरण में भक्ति और आस्था का संगम देखने को मिला। हरणी महादेव के पास स्थित हर्ष रिसोर्ट में सजे माता रानी के दरबार में जिलेभर के 618 परिवारों के 1000 से अधिक श्रद्धालु पहुंचे। ज्योत प्रज्वलन, चौकी, भजन कीर्तन और महाआरती के साथ धार्मिक आयोजन श्रद्धा और उल्लास से संपन्न हुआ। इस दौरान माता रानी के गोडले का आगमन भी हुआ। चौकी के समय श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन कर आशीर्वाद लिया और परिवारों की सुख समृद्धि की कामना की। [विडियो]
बधर माता जागरण में दोपहर से शुरू हुए धार्मिक कार्यक्रम देर तक चले। कुलदेवी बधर माता सेवा समिति के जिलाध्यक्ष और नगर निगम भीलवाड़ा के उपमहापौर राधेश्याम सोमानी ने बताया कि नवरात्र के अवसर पर माता रानी का भव्य दरबार सजाया गया था। भजन गायिका पुष्पा गग्गड़ ने माता रानी के भजनों की प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं को भक्तिमय वातावरण में सराबोर किया। ज्योत प्रज्वलन के बाद भक्तों ने दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। जागरण के दौरान चतुर्थ चौकी भी आयोजित हुई और 41 कन्याओं को भोजन कराया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी श्रद्धालुओं को बैठाकर महाप्रसाद ग्रहण कराया गया।
बधर माता जागरण के दौरान चित्तौड़गढ़ जिले में ताणा के पास स्थित कुलदेवी के विराजमान स्थल पर निर्माणाधीन भक्त निवास के लिए आर्थिक सहयोग की घोषणा की गई। राष्ट्रीय ट्रस्ट की ओर से कराए जा रहे निर्माण में मंगरोप निवासी शंकरलाल सोमानी ने एक कमरे के निर्माण के लिए 11 लाख रुपये और भैरूलाल सोमानी ने 1 लाख रुपये देने की घोषणा की। इस तरह कुल 12 लाख रुपये के सहयोग का संकल्प सामने आया। समिति ने दोनों सहयोगकर्ताओं का स्वागत कर आभार व्यक्त किया। आयोजन में धार्मिक आस्था के साथ समाज की सामूहिक भागीदारी और कुलदेवी स्थल पर श्रद्धालुओं के लिए सुविधाएं विकसित करने का प्रयास भी प्रमुख रहा।
कार्यक्रम में उपमहापौर निर्वाचित होने पर समिति जिलाध्यक्ष राधेश्याम सोमानी का पगड़ी पहनाकर और माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। हर्ष रिसोर्ट निशुल्क उपलब्ध कराने के लिए रामप्रसाद सोमानी और महेश सोमानी का मेवाड़ी पगड़ी पहनाकर अभिनंदन किया गया। राष्ट्रीय ट्रस्ट के प्रचार प्रसार मंत्री और मालेगांव निवासी पूरण मरदा का भी तिलक, उपरना और मेवाड़ी पगड़ी से स्वागत किया गया। समिति के जिला मंत्री और मेवाड़ प्रांत के प्रचार मंत्री देवेंद्र सोमानी ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन युवाओं में कुलदेवी और परंपराओं के प्रति आस्था मजबूत करते हैं। साथ ही समाज के परिवारों को मिलने और सामाजिक एकता बढ़ाने का अवसर मिलता है।
बधर माता जागरण में समिति के संरक्षक श्यामसुंदर सोमानी, राधाकिशन सोमानी, नवनीत सोमानी, लक्ष्मीनारायण सोमानी, बद्रीलाल सोमानी, बालमुकुंद सोमानी, बृजमोहन सोमानी, प्रभात सोमानी, अरुण सोमानी, कैलाश गदिया, ओमप्रकाश सोमानी, गोपाल सोमानी, सत्यनारायण सोमानी, भैरूलाल सोमानी, अनिल सोमानी, दिनेश छापरवाल, राकेश सोमानी, राजेश सोमानी, भागचंद सोमानी, द्वारकाप्रसाद सोमानी, शिवनारायण सोमानी, मुकेश सोमानी, अनूप सोमानी और तरुण सोमानी सहित समाज के अनेक महिला पुरुष उपस्थित रहे। भोजन निर्माण समिति के प्रभारी बालमुकुंद सोमानी और बृजमोहन सोमानी ने व्यवस्थाओं में सहयोग दिया। आयोजन के माध्यम से धार्मिक परंपरा, सामूहिक सहभागिता और समाजसेवा की भावना को आगे बढ़ाने का संदेश दिया गया।
अस्वीकरण (Disclaimer):
यह रिपोर्ट प्रेस विज्ञप्ति से प्राप्त तथ्यों पर आधारित है। इसका प्रकाशन केवल सूचना के उद्देश्य से किया गया है। इस रिपोर्ट के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय के लिए लेखक, प्रकाशक एवं संपादक किसी भी रूप में उत्तरदायी नहीं होंगे।