श्री बाबा धाम में नवरात्रि महोत्सव के समापन पर 1100 कन्याओं का पूजन हुआ। शोभायात्रा, हवन, महाआरती और बेटियों की सुरक्षा के संकल्प ने आयोजन को खास बनाया।
कन्या पूजन
भीलवाड़ा, राजस्थान (पंकज पोरवाल)। श्री बाबा धाम में नवरात्रि महोत्सव का समापन धार्मिक अनुष्ठानों, कन्या पूजन और महाआरती के साथ श्रद्धा और उल्लास से हुआ। समापन अवसर पर 1100 कन्याओं का पूजन कर उन्हें भोजन प्रसादी करवाई गई। साथ ही उनके माता पिता को बेटियों की सुरक्षा, शिक्षा और आत्मरक्षा के लिए सक्षम बनाने का संकल्प दिलाया गया। श्री बाबा धाम के अध्यक्ष विनीत अग्रवाल के सानिध्य में 11 से 20 अक्टूबर तक आयोजित नवरात्रि महोत्सव के दौरान मंदिर को विद्युत सजावट और रंग बिरंगे फूलों से सजाया गया। नौ दिनों तक माताजी का विशेष श्रृंगार हुआ और प्रतिदिन हवन पूजन के माध्यम से श्रद्धालुओं ने परिवार की सुख समृद्धि की कामना की। [Video]
नवरात्रि महोत्सव के अंतिम दिन नवमी पर आचार्य गोविंद गौतम और अन्य पंडितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन की पूर्णाहुति करवाई। इसके बाद कन्या पूजन किया गया। कन्याओं के पैर धोकर तिलक लगाया गया, चुनरी ओढ़ाई गई और फल भेंट किए गए। अध्यक्ष विनीत अग्रवाल ने स्वयं कन्याओं को भोजन प्रसादी करवाई। इस दौरान 1100 कन्याओं के माता पिता को बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ और बेटियों को आत्मरक्षा के लिए सक्षम बनाने का संकल्प दिलाया गया। आयोजन में कन्या पूजन के साथ बेटियों की सुरक्षा और शिक्षा के प्रति सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया गया।
नवरात्रि महोत्सव के अंतिम दिन दोपहर 3.15 बजे अष्टधातु से निर्मित माताजी की प्रतिमा के साथ 51 चौपहिया वाहनों की शोभायात्रा निकाली गई। ढोल नगाड़ों, पटाखों और गुलाल के बीच श्रद्धालु माता के जयकारे लगाते हुए शामिल हुए। मंत्रोच्चार और हवन पूजन के बाद प्रतिमा को वापस श्री बाबा धाम लाया गया, जहां नियमित पूजा अर्चना की गई। प्रतिमा के दर्शन और उसके साथ फोटो लेने के लिए श्रद्धालुओं में उत्साह रहा। मंदिर प्रबंधन के अनुसार, आगामी वर्षों में भी इसी प्रतिमा के साथ नवरात्रि में घट स्थापना की जाएगी।
नवरात्रि महोत्सव के दौरान आयोजित गरबा कार्यक्रम में आकर्षक वेशभूषा और उत्कृष्ट नृत्य करने वाले प्रतिभागियों का विभिन्न वर्गों में चयन किया गया। मीडिया एवं गरबा प्रभारी राजेश नेनावटी के अनुसार, अध्यक्ष विनीत अग्रवाल और चयन समिति ने विजेताओं का चयन किया। शाम 7.15 बजे महाआरती हुई और इसके बाद विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। तलवार का झाड़ा लगाने के कार्यक्रम में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। आयोजन में विधायक अशोक कोठारी, महापौर जसवंत कंवर, उपमहापौर राधेश्याम सोमानी, पुष्पा कसौटिया, पार्षद मिथलेश देवी, राजलक्ष्मी और खुशबू कोठारी सहित जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और धर्मप्रेमी मौजूद रहे। नवरात्रि महोत्सव का समापन माता के जयकारों और भक्तिमय वातावरण में हुआ।
अस्वीकरण (Disclaimer):
यह रिपोर्ट प्रेस विज्ञप्ति से प्राप्त तथ्यों पर आधारित है। इसका प्रकाशन केवल सूचना के उद्देश्य से किया गया है। इस रिपोर्ट के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय के लिए लेखक, प्रकाशक एवं संपादक किसी भी रूप में उत्तरदायी नहीं होंगे।