बीकानेर में जनजातीय गौरव दिवस पर 35 प्रतिभागियों ने प्रमाणित बीज चयन, उपचार और संरक्षण की जानकारी हासिल की, विशेषज्ञों ने बेहतर फसल के उपयोगी उपाय बताए।
जनजातीय गौरव दिवस के तहत जागरूकता कार्यक्रम
बीकानेर, राजस्थान। भाकृअनुप राष्ट्रीय उष्ट्र अनुसंधान केन्द्र में 11 नवंबर 2026 को जनजातीय गौरव दिवस के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। बेहतर बीज, बेहतर फसल, बेहतर भविष्य विषय पर आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न जनजातीय क्षेत्रों के किसानों और केन्द्र के कर्मचारियों सहित कुल 35 प्रतिभागियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को उन्नत किस्मों के चयन, बीज उत्पादन, उपचार, भंडारण और संरक्षण की वैज्ञानिक जानकारी देना था। आबूरोड, पीपलखूंट, पिंडवाड़ा, हजारीगुड़ा और सुहागपुरा सहित जनजातीय क्षेत्रों के किसानों ने इसमें सहभागिता की। [Video]
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता डॉ. सुधीर कुमार, प्रभागाध्यक्ष, भाकृअनुप भारतीय दलहन अनुसंधान संस्थान के क्षेत्रीय केन्द्र बीकानेर ने कहा कि अच्छी फसल के लिए गुणवत्तायुक्त और प्रमाणित बीजों का चयन सबसे महत्वपूर्ण आधार है। किसानों को स्थानीय जलवायु और कृषि परिस्थितियों के अनुरूप उन्नत किस्मों का चयन करना चाहिए। उन्होंने बीज उत्पादन, उपचार, भंडारण और संरक्षण की वैज्ञानिक विधियों की जानकारी दी। दलहनी फसलों में राइजोबियम उपचार, अंकुरण क्षमता की जांच, बीजों का श्रेणीकरण और बुवाई के समय कृषि यंत्रों की स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी।
डॉ. सुधीर कुमार ने फसल चक्र अपनाने, खरपतवार और कीट प्रबंधन, संतुलित जल उपयोग तथा मौसम पूर्वानुमान के अनुसार कृषि कार्य करने पर भी जोर दिया। केन्द्र निदेशक डॉ. अनिल कुमार पूनिया ने अपने संदेश में कहा कि जनजातीय क्षेत्रों के किसानों को सरकारी अभियानों के माध्यम से वैज्ञानिक संस्थानों के विशेषज्ञों द्वारा उपलब्ध कराई जा रही उन्नत किस्मों और तकनीकों की जानकारी का अधिकाधिक लाभ उठाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पारंपरिक ज्ञान के साथ आधुनिक वैज्ञानिक पद्धतियां अपनाकर किसान अपने सामाजिक और आर्थिक स्तर में सुधार कर सकते हैं।
केन्द्र के प्रधान वैज्ञानिक एवं पीएमई प्रभारी डॉ. राकेश रंजन ने किसानों से कार्यक्रम में प्राप्त वैज्ञानिक जानकारियों को अपने खेतों में अपनाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि गुणवत्तायुक्त प्रमाणित बीजों की समय पर उपलब्धता और उनका उचित प्रबंधन अधिक उत्पादन तथा बेहतर आर्थिक लाभ में सहायक हो सकता है। नोडल अधिकारी मनजीत सिंह ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य जनजातीय किसानों को उन्नत बीज चयन, उत्पादन और संरक्षण के प्रति जागरूक करना था। प्रगतिशील किसानों सेवाराम, बालाराम और राव ने कार्यक्रम को उपयोगी बताया। वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी अखिल ठुकराल ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
अस्वीकरण (Disclaimer):
यह रिपोर्ट प्रेस विज्ञप्ति से प्राप्त तथ्यों पर आधारित है। इसका प्रकाशन केवल सूचना के उद्देश्य से किया गया है। इस रिपोर्ट के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय के लिए लेखक, प्रकाशक एवं संपादक किसी भी रूप में उत्तरदायी नहीं होंगे।