Join our Whatsapp Group

Related Tags: #snowfall #road blocked #electricity disrupted #himachal pradesh #latest news #india news #hindi news


बर्फबारी से बढ़ीं दुश्वारियां, 645 सड़कें और 1416 ट्रांसफार्मर ठप



अजय त्यागी [Input - amarujala.com] 2024-02-05 02:06:47 हिमाचल प्रदेश

बर्फबारी से बढ़ीं दुश्वारियां
बर्फबारी से बढ़ीं दुश्वारियां

हिमाचल प्रदेश में पांच दिन बारिश-बर्फबारी से दुश्वारियां बढ़ गई हैं। शिमला के कुफरी सहित राज्य के अन्य ऊंचाई वाले क्षेत्र बर्फ से लकदक हो गए हैं। वहीं, राजधानी शिमला समेत निचले क्षेत्रों में झमाझम बारिश हुई है। चोटियों पर बर्फ की मोटी परत चढ़ गई है। प्रदेश में सोमवार सुबह 10:00 बजे तक चार नेशनल हाईवे व  645 सड़कें यातायात के लिए बंद थीं। इसके अलावा राज्य में 1416 बिजली ट्रांसफार्मर ठप पड़ने से कई क्षेत्रों में बिजली गुल है। सबसे ज्यादा 242 सड़कें शिमला जिले में ठप हैं। वहीं, लाहौल-स्पीति में  157, मंडी  51, कुल्लू 93, किन्नौर 24 और चंबा जिले में 61 सड़कें बाधित हैं। हालांकि, लोक निर्माण विभाग सड़कों की बहाली के कार्य में लगा है। इसके अलावा राज्य में 52 जलापूर्ति स्कीमें भी प्रभावित चल रही हैं। जिला कुल्लू व लाहौल में छह दिनों से जनजीवन अस्त-व्यस्त चल रहा है। रविवार रात को भी कुल्लू व लाहौल घाटी में जमकर बर्फबारी हुई।

तीन हाईवे के साथ जिले में 80 से अधिक सड़कों पर वाहनों की आवाजाही ठप पड़ गई है। वहीं, 200 बिजली के ट्रांसफार्मर भी प्रभावित होने से अंधेरा पसरा है। मनाली तक व मणिकर्ण तक निगम की बसें भी नहीं जा रही हैं। कुल्लू-मनाली पेर पतलीकूहल और मणिकर्ण जाने वाली बसें जरी से आगे नहीं भेजी जा रहीं। जानकारी के अनुसार रोहतांग दर्रा में चार फीट ताजा बर्फबारी दर्ज की गई। जबकि अटल टनल के साथ पोर्टल में 60, सोलंगनाला 45, मनाली 15, जलोड़ी दर्रा में 40 सेंमीमीटर ताजा बर्फबारी हुई है। हालांकि, लाहौल में बीआरओ ने मुख्य सड़कों से बर्फ हटाने का काम शुरू कर दिया है।

मनाली में वन विहार के गेट के समीप बर्फबारी के कारण देवदार का एक पेड़ टूटकर सड़क पर गिर गया। इससे एक दुकान को नुकसान हुआ है। गनीमत यह रही कि हादसा मध्य रात्रि को पेश आया। घटना दिन में होती तो जानी नुकसान भी हो सकता था। बस स्टैंड से थाने की ओर जाने वाली सड़क अवरुद्ध हो गई। पेड़ को काटने का कार्य जारी है। बताया जा रहा है कि पेड़ सुबह सुबह 3:00 बजे गिरा। इससे विद्युत विभाग को नुकसान हुआ है।

आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम

आज भी राजधानी शिमला व अन्य क्षेत्रों में मौसम खराब बना हुआ है। हालांकि, बीच-बीच में धूप भी खिल रही है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला की ओर से आज भी प्रदेश के कई भागों में बारिश-बर्फबारी की संभावना जताई गई है। 6 से 11 फरवरी तक राज्य में मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान है। विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में उल्लेखनीय गिरावट आई है। औसत अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया।  मौसम खुलने से किसान-बागवान भी खेतों और बगीचों में काम कर सकेंगे। चोटियों पर कई फुट बर्फबारी से ग्लेशियरों को भी संजीवनी मिल गई है। जनजातीय जिला किन्नौर के निगुलसरी में रविवार को पहाड़ी से भूस्खलन होने से यातायात व्यवस्था ठप पड़ गई है। 

कहां कितनी बर्फबारी(सेंटीमीटर में)

खदराला  30.0

मनाली 23.6

नारकंडा 20.0

गोंदला  16.5

केलांग  15.2

शिलारू  15.0

कुफरी 10.0

सांगला 8.2

कुकुमसेरी 7.1

कल्पा 7.1

शिमला 2.0

शिमला का न्यूनतम तापमान फिर माइनस में दर्ज

शिमला का न्यूनतम तापमान -0.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। सुंदरनगर 5.8, भुंतर 3.9, कल्पा-2.4, धर्मशाला 4.2, ऊना 6.0, नाहन 5.0, पालमपुर 3.4, सोलन 3.6, मनाली -0.9, कांगड़ा 5.9, मंडी 5.5, बिलासपुर 8.8, हमीरपुर 7.1, चंबा 5.7, जुब्बड़हट्टी 3.8, कुफरी 0.0, कुकुमसेरी -6.8, नारकंडा -3.6, भरमौर 0.2, रिकांगपिओ 1.0, सेऊबाग 2.8, धौलाकुआं 10.0, बरठीं 7.4, समदो -2.8, पांवटा साहिब 7.0, सराहन 0.0 और देहरा गोपीपुर में 6.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। 



प्रकाशन हेतु समाचार, आलेख अथवा विज्ञापन 6376887816 (व्हाट्सएप) या rextvindia@gmail.com पर भेजें...