Join our Whatsapp Group

Related Tags: #prakash choudhary resigned #congress #himachal pradesh #latest news #india news #hindi news


कांग्रेस को एक और झटका - पूर्व मंत्री और मंडी कांग्रेस के अध्यक्ष प्रकाश चौधरी ने दिया इस्तीफा



अजय त्यागी [Source - jagran] 2024-02-16 07:27:33 हिमाचल प्रदेश

पूर्व मंत्री और मंडी कांग्रेस के अध्यक्ष प्रकाश चौधरी - Photo : jagran
पूर्व मंत्री और मंडी कांग्रेस के अध्यक्ष प्रकाश चौधरी - Photo : jagran

हिमाचल प्रदेश के पूर्व मंत्री व मंडी जिले कांग्रेस के अध्यक्ष प्रकाश चौधरी ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता सहित सभी पदों से त्यागपत्र दे दिया है। उनके द्वारा अचानक उठाए गए इस कदम से मंडी जिले, खासकर बल्ह विधानसभा क्षेत्र की जनता व पार्टी कार्यकर्ता सकते में हैं।

प्रकाश चौधरी तीन बार बल्ह विधायक का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। 1998 में पहली बार भाजपा हिविकां गठबंधन की सरकार में विधायक व मंत्री बने थे। बाद में कांग्रेस पार्टी में शामिल हो गए थे। पूर्व वीरभद्र सरकार में वह आबकारी एवं कराधान मंत्री थे। वीरवार को वह ऊना गए हुए थे। वहां से वापस लौटते समय रात करीब साढ़े आठ बजे उन्होंने अपने फेसबुक अकाउंट से पार्टी के पदों व प्राथमिक सदस्यता से त्यागपत्र देने की पोस्ट शेयर की।

बेटे रिंपल चौधरी ने सोशल मीडिया पर शेयर की पोस्ट

पहले तो कोई उनकी पोस्ट पर यकीन नहीं कर रहा था। बाद में उनके बेटे रिंपल चौधरी ने वहीं पोस्ट शेयर की तो हलचल तेज हुई। दैनिक जागरण से बात करते हुए प्रकाश चौधरी ने कहा कि उनके गृह क्षेत्र में पिछले एक साल से अन्य नेता व कुछ कार्यकर्ता लगातार हस्तक्षेप कर रहे हैं।

विधानसभा चुनाव में जिन लोगों ने उनके विरुद्ध सरेआम काम किया था उन्हें तवज्जो दी जा रही है। जलशक्ति विभाग के बग्गी मंडल में पांच माह में अधिशाषी अभियंता का कई बार स्थानांतरण कर दिया गया। एपीएमसी मंडी में एक ऐसे अधिकारी को नियुक्त कर दिया गया जो उनका विरोधी है। छेश्चू मेले की बैठक व मुख्यअतिथि को लेकर उन्हें कोई जानकारी नहीं दी गई। विधानसभा चुनाव में जो लोग पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल थे। उनके विरुद्ध कोई कार्रवाई नहीं की गई। कांग्रेस पार्टी से उनका रिश्ता पानी व मछली की तरह है। मगर जिस तरह का हस्तक्षेप किया जा रहा वह असहनीय है। इससे आहत होकर उन्होंने जिला अध्यक्ष पद व प्राथमिक सदस्यता से त्यागपत्र देने का निर्णय लिया है।

मैं अभी प्रकाश चौधरी से बात करने का प्रयास कर रही हूं। उनसे बात के बाद ही कुछ कह पाऊंगी -प्रतिभा सिंह,प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद मंडी संसदीय क्षेत्र



प्रकाशन हेतु समाचार, आलेख अथवा विज्ञापन 6376887816 (व्हाट्सएप) या rextvindia@gmail.com पर भेजें...