Join our Whatsapp Group

Related Tags: #missing soldier #navy #sahil verma #jammu kashmir #latest news #india news #hindi news


हमारा बेटा वापस करो.... लापता नौसैनिक के परिजनों का जम्मू में प्रदर्शन, सीबीआई जांच की मांग



अजय त्यागी [Input - amarujala.com] 2024-03-07 11:38:04 जम्मू और कश्मीर

लापता नौसैनिक के परिजनों का जम्मू में प्रदर्शन - Photo : amarujala
लापता नौसैनिक के परिजनों का जम्मू में प्रदर्शन - Photo : amarujala

जम्मू के घो मन्हासा में बुधवार को लापता हुए नौसैनिक साहिल वर्मा के परिजनों व अन्य लोगों ने प्रदर्शन किया। गुस्साए दुकानदारों ने घो मन्हासा में दुकानें भी बंद रखी। इस दौरान लोगों ने नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया और मामले में सीबीआई जांच करने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि उन्हें साहिल की सही सूचना नहीं मिली तो वे जम्मू बंद करने का आह्वान भी करेंगे।

पश्चिमी नौसेना कमान ने एक बयान में बताया है कि नौसैनिक साहिल वर्मा 27 फरवरी को मुंबई में भारतीय नौसेना के एक जहाज से लापता हुए हैं। उनकी तलाश के लिए तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।

हालांकि नौसेनिकों के इस बयान से साहिल के परिजन और गांववासी संतुष्ट नहीं है। इसी के विरोध में गुरुवार को प्रदर्शन किया गया। साहिल वर्मा जम्मू के घो मन्हासा का रहने वाले हैं। उनके परिजनों का कहना है कि भारतीय नौसेना ने गुरुवार (29 फरवरी) को उन्हें बेटे के लापता होने की जानकारी दी, जबकि लापता होने के 24 घंटे के भीतर माता-पिता को इस बात की जानकारी दी जानी चाहिए थी।

19 वर्षीय साहिल के परिजनों का कहना है कि साहिल 26 तारीख को मुंबई से आईएनएस कोच्चि जहाज में समुद्री यात्रा के लिए रवाना हुआ था। इसके बाद 27 फरवरी को वो लापता हो गया। उन्हें 29 फरवरी को इस बात की जानकारी मिली। लेकिन, एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी उन्हें साहिल कहां है, ये पता नहीं चल पाया है।

परिजनों ने कहा कि उन्हें कोई संतुष्टि भरा जवाब अधिकारियों से नहीं मिल रहा है। उन्होंने जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, देश के रक्षा मंत्री से मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की है।

साहिल की मां ने बताया कि उनकी आखिरी बार उनके बेटे साहिल से रविवार (25 फरवरी) को बात हुई थी। उसने बताया था कि वो जहाज से समुद्री यात्रा के लिए जा रहा है। वहां से लौट कर बात करेगा, लेकिन वो लौट कर आया या नहीं। वो ये बात किससे पूछे। उनका कहना है कि जहाज में 400 लोग थे। उनमें से सिर्फ उनका बेटा ही क्यों लापता हुआ? वो कहां गया, इस बात की उन्हें जानकारी दी जानी चाहिए। उन्हें उनका बेटा वापस चाहिए।



प्रकाशन हेतु समाचार, आलेख अथवा विज्ञापन 6376887816 (व्हाट्सएप) या rextvindia@gmail.com पर भेजें...