Fri, 20 September 2024 03:26:30am
सोशल मीडिया पर कई बार हैरान कर देने वाले वीडियो सामने आते हैं। एक ऐसा ही वीडियो इस समय इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में मॉल में शॉपिंग कर रही महिला जमीन में धंसती नजर आ रही है। यह डरावना वीडियो देख लोग काफी हैरान हैं।
वायरल हो रहे इस वीडियो में देखा जा सकता है कि एक महिला मॉल में शॉपिंग कर रही है। वह आराम से चल रही थी, तभी अचानक उसके नीचे की जमीन धंस जाती है और अफरातफरी का माहौल बन जाता है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ये घटना पूर्वी चीन में हुई है। न्यूज डॉट एयू की रिपोर्ट में कहा गया है कि घटना 23 मार्च को हुई। इस घटना का सीसीटीवी वीडियो अब तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर @Morbidful नाम के हैंडल से शेयर किया गया है।
वीडियो शेयर करते हुए यूजर ने कही ये बात
वीडियो शेयर करते हुए यूजर ने कैप्शन लिखा कि चौंका देने वाली फ़ुटेज उस क्षण को दिखाती है जब चीनी शहर झेंजियांग में एक शॉपिंग सेंटर का फर्श अचानक ढह गया और एक महिला उसमें समा गई। एक निर्माण श्रमिक, जो ढहने के समय नीचे की मंजिल पर था, और महिला दोनों फंस गए थे। लेकिन बाद में आपातकालीन कर्मचारियों द्वारा बचा लिया गया और पास के अस्पताल में ले जाया गया। घटनास्थल पर, मॉल के प्रतिनिधि हुआंग ने संवाददाताओं को बताया कि दोनों व्यक्ति घायल हो गए हैं लेकिन उनकी हालत स्थिर है। गिरे हुए मलबे से निर्माण श्रमिक के पैर में चोटें आईं, जबकि महिला को फ्रैक्चर हुआ है।