Join our Whatsapp Group

Related Tags: #pakdowa vivah #revenue service man #bihar #latest news #india news #hindi news


राजस्व कर्मचारी का पकड़ौआ विवाह -एग्जाम के बहाने लड़की को भेजा, लगा दिया अपहरण का आरोप



अजय त्यागी 2024-04-02 01:09:55 अजब - गजब

राजस्व कर्मचारी का पकड़ौआ विवाह
राजस्व कर्मचारी का पकड़ौआ विवाह

बिहार के बेगूसराय से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जिस शख्स पर अपहरण का केस हुआ, पुलिस के सामने ही उसका पकड़ौआ विवाह हो गया। शख्स का कहना है कि उसकी मर्जी नहीं थी लेकिन जबरदस्ती शादी कराई गई है। शादी का यह पूरा मामला बीते 30 मार्च का है। जो अब जाकर सामने आया है। पूरी कहानी जान कर हर कोई हैरान है। लड़की के पिता ने समस्तीपुर के विभूतिपुर थाने में बेटी के अपहरण की शिकायत की थी।

दरअसल, छौड़ाही (बेगूसराय) थाना क्षेत्र के पतला गांव निवासी श्याम नारायण महतो का बेटा रिंटू कुमार सीतामढ़ी के रुन्नीसैदपुर प्रखंड में राजस्व कर्मचारी के पद पर कार्यरत है। समस्तीपुर के रहने वाले जागेश्वर प्रसाद ने अपनी बेटी का रिश्ता रिंटू के घर (बेगूसराय) भेजा था लेकिन उसने शादी करने से मना कर दिया था।

इसके बाद करीब एक महीना पहले जब रिंटू छुट्टियों पर घर (अपने गांव) आया था तो लड़की भी अपने रिश्तेदार के घर रिंटू के गांव पहुंची हुई थी। लड़की के रिश्तेदारों ने राजस्व कर्मचारी रिंटू को चाय पर अपने घर बुलाया था। लड़की से उसकी मुलाकात कराई थी। हालांकि उस वक्त कुछ बात नहीं बनी थी और फिर रिंटू वापस सीतामढ़ी चला गया।

इसके बाद लड़की के रिश्तेदार ने एक दिन रिंटू को फोन किया और कहा कि एग्जाम के लिए एक जानकार का सीतामढ़ी में सेंटर आया है। उसके ठहरने की व्यवस्था करवा दीजिए। इस पर राजस्व कर्मचारी मान गया। इसके बाद बीते बुधवार को लड़की राजस्व कर्मचारी रिंटू के कमरे पर पहुंच गई। 

इधर लड़की के पिता ने थाने में आवेदन दिया कि राजस्व कर्मचारी रिंटू ने उसकी बेटी का अपहरण कर लिया है। समस्तीपुर के विभूतिपुर थाने की पुलिस ने आवेदन मिलते ही राजस्व कर्मचारी के मोबाइल पर फोन किया और राजस्व अधिकारी को थाना आने के लिए कहा। राजस्व कर्मचारी लड़की को लेकर समस्तीपुर पहुंचा। यहां स्टेशन पर मौजूद विभूतिपुर थाने की पुलिस ने दोनों को पकड़ा और थाने लेकर चली गई। इसके बाद बाबा विभूतिपुर मंदिर में दोनों की शादी करा दी गई। 

राजस्व कर्मचारी के पिता का आरोप है कि उन लोगों को पुलिस ने सूचना तक नहीं दी।

पूछताछ में लड़के रिंटू का कहना है कि वह लड़की को मात्र दो दिन पहले से जानता है। उसने कहा कि वह मंदिर में खड़ा है झूठ नहीं बोलेगा। यह भी कहा कि गलत हमेशा गलत होता है, सत्य की हमेशा जीत होती है। हम जो भी बोलेंगे गलत नहीं बोलेंगे।

वहीं, मामले को लेकर लड़की ने कहा कि वे दोनों छह महीने से एक-दूसरे को जानते हैं। इस सवाल पर कि लड़के का कहना है कि दो दिन पहले मिला है इस पर लड़की ने कहा कि ये गलत कह रहे हैं। लड़की ने कहा कि उसकी इच्छा से शादी हुई है। एक सवाल पर लड़के ने कहा कि चाय के बहाने बुलाया गया था और फिर शादी की बात की गई थी। इस पर लड़की ने कहा कि ये बच्चे तो नहीं हैं कि चाय के बहाने बुलाएंगे। 

फिलहाल इस शादी की चर्चा जोरों पर हो रही है। लड़की और लड़का पक्ष के अपने-अपने दावे हैं।



प्रकाशन हेतु समाचार, आलेख अथवा विज्ञापन 6376887816 (व्हाट्सएप) या rextvindia@gmail.com पर भेजें...