Fri, 20 September 2024 06:20:32am
पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र कुमार बिश्नोई के नेतृत्व में अजमेर पुलिस लगातार स्कूलों में जागरूकता सेमीनार का आयोजन कर विद्यार्थियों को साइबर क्राइम के प्रति जागरूक कर रही है। इसी कड़ी में आज सेंट पॉल सीनियर सेकेंडरी स्कूल में साइबर क्राइम जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया गया। संस्था प्राचार्य फादर जॉन कारवाल्हो ने मुख्य अतिथि एसपी देवेंद्र बिश्नोई तथा इंस्पेक्टर भीखाराम काला और प्रकाश जैन का बुके भेंट कर स्वागत किया।
पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र कुमार बिश्नोई ने बच्चों को बताया की किस तरह आजकल लोग साइबर क्राइम के जाल में फंस कर अपने आप को नुकसान पंहुचा रहे हैं, ब्लैक मेल हो रहे हैं। बिश्नोई ने बताया की किस तरह आज कल बच्चे अपने अमूल्य समय को सोशल मीडिया पर बर्बाद कर अपने नैतिक मूल्यों को भूलते चले जा रहे हैं और अपने मकसद से भटक रहे हैं। पुलिस अधीक्षक ने इस अवसर पर विद्यार्थियों को संस्कारों और नैतिक कर्तव्यों के बारे में समझाते हुए उनसे निष्ठापूर्वक अपने कर्तव्यों का पालन करने की शपथ भी दिलाई।
सेमिनार का आयोजन इंटरफेथ के अध्यक्ष प्रकाश जैन के सहयोग से किया गया। संस्था की व्यख्याता शीतल मित्तल ने मंच का संचालन किया। ट्रैफिक इंस्पेक्टर भीखाराम काला और उनकी टीम ने बच्चों को ट्रैफ़िक नियमों से भी अवगत कराया।
सेमिनार के अंत में छात्रा प्राची यादव, छात्र गोरांग देव और चरित अग्रवाल ने विद्यार्थियों का प्रतिनिधित्व करते हुए कहा कि एसपी सर ने जो हमारा मार्गदर्शन किया है कि किस तरह हमें पेरेंट्स का आदर करना है। उनका कहना मानना है। माता-पिता ही हैं जो हमेशा हमारा भला चाहते हैं। सोशल मीडिया का सदुपयोग करना है ना की दुरूपयोग। बच्चों ने कहा की सर आपने जो शपथ दिलाई है, उसे हम हमेशा निभाएंगे।