Join our Whatsapp Group

24 घंटे से अधिक समय के बाद विदेशी व्यापारिक जहाज पर लगी आग काबू में, ICG ने चलाया अभियान



अजय त्यागी 2024-07-21 04:29:44 कर्नाटक

विदेशी व्यापारिक जहाज पर लगी आग काबू में - Photo : ANI
विदेशी व्यापारिक जहाज पर लगी आग काबू में - Photo : ANI

कर्नाटक के कारवार तट के पास एक मालवाहक जहाज पर लगी आग पर 24 घंटे से अधिक समय के बाद काबू पा लिया गया है, लेकिन जहाज के 21 चालक दल के सदस्यों में से एक लापता है। भारतीय तटरक्षक बल (आईसीजी) ने यह जानकारी दी।

दरअसल, शुक्रवार को दोपहर 2.10 बजे तटरक्षक बल को मेर्सक फ्रैंकफर्ट जहाज पर आग लगने की सूचना मिली, जिसके बाद अग्निशमन अभियान चलाने के लिए आईसीजी के तीन जहाजों- सुजीत, सचेत और सम्राट को भेजा गया। आईसीजी की एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि जहाज की वर्तमान स्थिति कर्नाटक के कारवार से 17 समुद्री मील दूर है।

महानिरीक्षक, पश्चिम क्षेत्र और तटरक्षक बल के कमांडर भीष्म शर्मा ने कहा कि 1,154 कंटेनर ले जाने वाले व्यापारिक जहाज में बेंजीन और सोडियम साइनेट जैसे खतरनाक सामान भी हैं और अग्निशमन अभियान चलाते समय आवश्यक सावधानी बरती जा रही है। शर्मा ने बताया कि मालवाहक जहाज पर तैनात चालक दल के 21 सदस्यों में से 17 फिलिपीन्स, दो यूक्रेन, एक रूस और एक मोटेंनेग्रीन से हैं। लापता सदस्य फिलिपीन्स से है।

तटरक्षक बल के जहाजों ने बचाया विदेशी जहाज
भारतीय तटरक्षक बल के जहाजों सुजीत, सचेत और सम्राट के 24 घंटे से अधिक समय तक किए गए प्रयासों से आग आग पर काबू पा लिया गया है। फिलहाल विदेशी व्यापारिक जहाज करवार से 6.5 समुद्री मील की दूरी पर दक्षिण में है और उसे जमीन से दूर रहने की सलाह दी गई है। फिलहाल विदेशी व्यापारिक जहाज 6 नॉट की गति से आगे बढ़ रहा है। हालांकि तेज हवाओं के चलते आग पर पूरी तरह से काबू पाने में खासी चुनौती पेश आई। 

तटरक्षक बल के डॉर्नियर एयरक्राफ्ट हवाई सर्विलांस की गई। साथ ही गोवा से ध्रुव हेलीकॉप्टर को भी मौके पर भेजा गया। सूखे केमिकल पाउडर के पैकेट भेजे गए ताकि आग को बुझाया जा सके। फिलहाल क्रू के सदस्यों को जहाज से निकालने की स्थिति नहीं है। हालांकि आग में कंटेनर्स के पिघलने की वजह से क्रू के लिए खतरा बढ़ रहा है। तटरक्षक बल के जवानों ने रविवार को भी एक विदेशी जहाज के बीमार क्रू मेंबर को एयरलिफ्ट कर उसका रेस्क्यू किया। गंभीर रूप से बीमार क्रू सदस्य को पोरबंदर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 

अरब सागर में बढ़ा भारत का प्रभाव
अरब सागर, हिंद महासागर का उत्तर पश्चिमी इलाका है और यह कई शिपिंग लेन और बंदरगाहों को जोड़ता है। इस लिहाज से अंतरराष्ट्रीय व्यापार के लिए यह एक अहम रास्ता है। भारत अरब सागर में अपनी पहुंच बढ़ाने में जुटा है। खासकर जब से लाल सागर में हूती विद्रोहियों द्वारा व्यापारिक जहाजों को निशाना बनाया जा रहा है, उसके बाद से भारतीय नौसेना के जहाज अरब सागर में संचालन बढ़ा रहे हैं, साथ ही तटरक्षक बल के जहाज भी सर्विलांस बेहतर कर रहे हैं। बीते कुछ समय में भारतीय नौसेना और तटरक्षक बल ने ऑपरेशन चलाकर कई व्यापारिक जहाजों को बचाया है।



प्रकाशन हेतु समाचार, आलेख अथवा विज्ञापन 6376887816 (व्हाट्सएप) या rextvindia@gmail.com पर भेजें...