Fri, 20 September 2024 02:56:52am
रविवार सुबह मुंबई के सिविक संचालित सायन अस्पताल में एक महिला डॉक्टर के साथ कथित तौर पर मारपीट की गई। इस घटना के बाद पुलिस ने दो महिलाओं सहित तीन लोगों पर मामला दर्ज कर दिया है। हालांकि, इनमें से दो को हिरासत में लिया है। दरअसल, डॉक्टर के साथ मारपीट उस दौरान हुई जब वह कैजुअल्टी वार्ड में एक व्यक्ति के कान से खून साफ कर रही थी।
महिला डॉक्टर पर चिल्लाने लगा शख्स
सायन पुलिस स्टेशन के अधिकारी ने घटना को लेकर बताया कि, वह व्यक्ति महिला डॉक्टर पर चिल्लाया, जिससे बहस शुरू हो गई। वहां मरीज के साथ आए लोगों में से दो महिलाओं और एक पुरुष ने महिला डॉक्टर पर हमला किया, जिसके बाद अस्पताल के कर्मचारियों को पुलिस बुलानी पड़ी।
तीन हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज
पुलिस ने तीन कथित हमलावरों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और महाराष्ट्र मेडिकेयर सर्विस पर्सन्स एंड मेडिकेयर सर्विस इंस्टीट्यूशंस (हिंसा और क्षति या संपत्ति के नुकसान की रोकथाम) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया। अधिकारी ने बताया कि तीन में से दो आरोपियों को हिरासत में लिया गया है।
ऑन-कॉल डॉक्टरों में से एक के साथ हुई घटना
घटना के संबंध में एक बयान में, सायन अस्पताल ने कहा कि सायन अस्पताल में रविवार सुबह वार्ड में ऑन-कॉल डॉक्टरों में से एक के साथ घटना हुई। 5-6 नशे में धुत मरीज के एक समूह ने उसे धमकाया और डॉक्टर के साथ शारीरिक उत्पीड़न करने का प्रयास किया। खुद का बचाव करते समय महिला डॉक्टर को चोटें भी आईं।
इसमें कहा गया है कि इस स्थिति पर तत्काल ध्यान देने और सभी अस्पतालों में सख्त सुरक्षा उपायों को लागू करने की आवश्यकता है। यह हमला कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में एक जूनियर ट्रेनी डॉक्टर के बलात्कार-हत्या के बाद डॉक्टरों की सुरक्षा को लेकर देशव्यापी हंगामे के बीच हुआ है।
#UPDATE | Maharashtra | Mumbai Police registered a case against two for misbehaviour and assault with a female doctor in Sion Hospital, Mumbai. The case has been registered on the statement of the female doctor: Mumbai Police https://t.co/VRUB8FAT87
— ANI (@ANI) August 18, 2024