Join our Whatsapp Group

कोलकाता केस: सीबीआई को मिली आरोपी संजय रॉय की रिमांड, पेशी के दौरान वकीलों ने किया हंगामा



अजय त्यागी 2024-08-23 06:12:08 दिल्ली

ट्रेनी डॉक्टर हत्याकांड में विरोध प्रदर्शन
ट्रेनी डॉक्टर हत्याकांड में विरोध प्रदर्शन

सुप्रीम कोर्ट की अपील के बाद आरजी कर मेडिकल कॉलेज में प्रशिक्षु डॉक्टर से दुष्कर्म और हत्या के मामले में फेडरेशन ऑफ रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन (फोर्डा) और राजेंद्र इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (रिम्स) ने अपनी हड़ताल खत्म कर दी है। हालांकि बंगाल में अभी भी डॉक्टर प्रदर्शन कर रहे हैं। 
जाने आज की अब तक की लाइव अपडेट:

10:39 AM, 23-Aug-2024
सीबीआई अधिकारियों से मिलेंगे प्रदर्शकारी डॉक्टर
पश्चिम बंगाल जूनियर डॉक्टर फोरम ने कहा है कि शुक्रवार को हमारा एक प्रतिनिधिमंडल सीबीआई कार्यालय जाएगा। जहां हम सीबीआई अधिकारियों को अपनी कुछ चिंताओं से अवगत कराएंगे और जांच के बारे में जानेंगे। सुप्रीम कोर्ट ने अपराध वाले दिन को लेकर कई गंभीर सवाल उठाए हैं। सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि प्रशासन ने जिस तरह काम किया, वैसा उन्होंने अपने 30 साल के करियर में कभी नहीं देखा है।

10:44 AM, 23-Aug-2024
संदीप घोष से सीबीआई की लगातार आठवें दिन पूछताछ
आरजी कर मेडिकल कॉलेज के पूर्व प्रिंसिपल डॉ. संदीप घोष से सीबीआई आज फिर पूछताछ करेगी। संदीप घोष सुबह कोलकाता स्थित सीबीआई कार्यालय पहुंचे। सीबीआई की संदीप घोष से पूछताछ का आज आठवां दिन है। 

01:06 PM, 23-Aug-2024
कोर्ट में पेश किया आरोपी संजय रॉय
आरजी कर कॉलेज एवं अस्पताल में डॉक्टर के साथ दुष्कर्म और हत्या के मुख्य आरोपी संजय रॉय को कोलकाता स्थित CBI कार्यालय से सियालदह कोर्ट ले जाया गया। आज उसकी पुलिस हिरासत खत्म हो रही है।

01:24 PM, 23-Aug-2024
कोलकाता मामले में ब्रिटेन में हुए विरोध प्रदर्शन
कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में ड्यूटी पर मौजूद महिला डॉक्टर की दुष्कर्म के बाद हत्या मामले में ब्रिटेन में विरोध प्रदर्शन हुआ। इस दौरान भारतीय छात्रों, विभिन्न संस्थाओं और प्रवासी संगठनों ने विरोध प्रदर्शन किया। महिला संगठनों ने गुरुवार को लंदन के पार्लियामेंट स्क्वायर और ब्रिटेन के कई अन्य शहरों में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर शांति मार्च आयोजित किया। वहीं स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया - यूनाइटेड किंगडम (एसएफआई-यूके) ने बुधवार को लिवरपूल शहर में एक मार्च का आयोजन किया। 

01:47 PM, 23-Aug-2024
नंदीग्राम में पुलिस से भिड़े भाजपा समर्थक
कोलकाता की घटना को लेकर भाजपा समर्थकों ने शुक्रवार को नंदीग्राम पुलिस स्टेशन में हंगामा किया। भाजपा समर्थकों ने थाना घेराव कार्यक्रम का आयोजन किया था। इस दौरान भाजपा समर्थक पुलिसकर्मियों से भिड़ गए। भाजपा के 100 से ज्यादा समर्थकों ने पुलिस स्टेशन में बैरिकेड तोड़ दिए और पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की भी की। प्रदर्शनकारियों में महिलाएं भी शामिल थीं। प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी भी की। 

01:49 PM, 23-Aug-2024
वकीलों में आरोपी संजय रॉय के खिलाफ गुस्सा
कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज मामले में आरोपी संजय राय को आज अदालत में पेश किया गया। इस दौरान अदालत में जमकर हंगामा हुआ क्योंकि वकील संजय रॉय का विरोध कर रहे थे। वकीलों में आरोपी के खिलाफ भारी गुस्सा है।

01:57 PM, 23-Aug-2024
सीबीआई को मिली 14 दिन की रिमांड 
कोलकाता मामले के आरोपी संजय रॉय की रिमांड सीबीआई को मिल गई है। पुलिस हिरासत खत्म होने के बाद आज आरोपी संजय रॉय को अदालत में पेश किया गया। जहां से अदालत ने आरोपी की रिमांड सीबीआई को सौंप दी। अदालत ने सीबीआई को संजय रॉय की 14 दिन की रिमांड दी है। 

02:46 PM, 23-Aug-2024
अख्तर अली के आरोपों की जांच करेगी सीबीआई
सीबीआई आरजी कल मेडिकल कॉलेज के पूर्व अधिकारी अख्तर अली के आरोपों की भी जांच करेगी। अख्तर अली ने संदीप घोष पर वित्तीय अनियमितता सहित कई गंभीर आरोप लगाए थे। 



प्रकाशन हेतु समाचार, आलेख अथवा विज्ञापन 6376887816 (व्हाट्सएप) या rextvindia@gmail.com पर भेजें...