Join our Whatsapp Group

ओडिशा में भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी



अजय त्यागी 2024-09-09 09:13:11 मौसम

ओडिशा में भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी
ओडिशा में भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी

भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने सोमवार को ओडिशा के कई जिलों में भारी से बेहद भारी बारिश के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। यह चेतावनी डिप्रेशन के और भी गहरे डिप्रेशन में तब्दील होने के मद्देनजर दी गई है। आईएमडी भुवनेश्वर की निदेशक मनोरमा मोहंती ने कहा कि डीप डिप्रेशन बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिम और उससे सटे पश्चिम-मध्य में और पुरी से लगभग 50 किलोमीटर पूर्व-दक्षिण-पूर्व में स्थित है। उन्होंने कहा कि, 9 सितंबर को अगले 3 घंटों में इसके पुरी के पास ओडिशा तट को पार करने की संभावना है।

आईएमडी भुवनेश्वर की निदेशक ने कहा कि, भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अगले 24 घंटों के दौरान मलकानगिरी सहित ओडिशा के गंजम, कंधमाल, नयागढ़, खोरधा, बौध, बलांगीर और पुरी जिलों में रेड अलर्ट, भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। हालांकि, कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट भी जारी किए गए हैं। मनोरमा मोहंती ने आगे कहा कि पिछले 24 घंटों के दौरान मलकानगिरी जिले में सबसे अधिक 253 मिमी बारिश दर्ज की गई। उन्होंने कहा कि इसके साथ ही मलकानगिरी जिले के पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो सकती है।

मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह
भारी बारिश को लेकर जारी अलर्ट के बीच मछुआरों को 11 सितंबर तक दोपहर में गहरे समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है। इसके साथ ही समुद्री बंदरगाह के लिए स्थानीय चेतावनी सिंगल नंबर-3 जारी की गई है। आईएमडी ने अगले तीन दिनों तक ओडिशा के कई जिलों में बारिश का अनुमान लगाया है। आईएमडी ने कहा कि पश्चिम-मध्य और उससे सटे उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर दबाव 17 किमी प्रति घंटे की गति से उत्तर-उत्तरपश्चिम की ओर बढ़ गया है।

इसके अगले 24 घंटों के दौरान उत्तरी ओडिशा-पश्चिम बंगाल तटों की ओर लगभग उत्तर की ओर बढ़ने और गहरे दबाव में तब्दील होने की बहुत संभावना है। इसके बाद, इसके पश्चिम-उत्तर पश्चिम की ओर बढ़ने और 9 सितंबर को पुरी और दीघा के बीच ओडिशा और उससे सटे पश्चिम बंगाल के तटों को पार करने की बहुत संभावना है। पश्चिम-उत्तर पश्चिम की ओर आगे बढ़ते हुए, इसके अगले दो दिनों के दौरान ओडिशा और उससे सटे गंगीय पश्चिम बंगाल और झारखंड और उससे सटे उत्तरी छत्तीसगढ़ से गुजरने की संभावना है।



प्रकाशन हेतु समाचार, आलेख अथवा विज्ञापन 6376887816 (व्हाट्सएप) या rextvindia@gmail.com पर भेजें...