सावन हिंडोला बना आकर्षण, ठाकुरजी के रोज बदल रहे दिव्य रूप
श्री आनंद धाम हवेली मंदिर में सावन हिंडोला उत्सव के तहत रोज नए श्रृंगार और थीम आधारित हिंडोले सज रहे हैं। जानें खास तिथियां और दर्शन समय भी।
सावन हिंडोले में ठाकुर जी
भीलवाड़ा राजस्थान (पंकज पोरवाल)। पुष्टिमार्गीय परंपरा से संचालित श्री आनंद धाम हवेली मंदिर में सावन मास का उत्सव श्रद्धालुओं के लिए खास आकर्षण बना हुआ है। यहां ठाकुरजी के नित्य नए श्रृंगार के साथ अलग अलग थीम पर हिंडोले सजाए जा रहे हैं। सुनहरी घटा के भव्य हिंडोले में लालन का मनोहारी श्रृंगार कर झूला झुलाया गया तो दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालु भाव विभोर हो उठे। मंदिर में चल रहा सावन हिंडोला उत्सव धार्मिक आस्था के साथ कलात्मक सजावट की सुंदर झलक भी दिखा रहा है।
आगे ये होंगे खास हिंडोले
मंदिर ट्रस्टी सुमन राजेन्द्र बाहेती ने बताया कि सावन उत्सव के तहत हर दिन अलग स्वरूप में हिंडोले सजाए जा रहे हैं। 19 अगस्त को गुलाबी घटा, 20 अगस्त को बगीचे में मोरपंख हिंडोला और 21 अगस्त को कमल हिंडोला सजाया जाएगा। 24 अगस्त को पवित्रा श्रृंगार के दर्शन होंगे। इसके बाद 27 अगस्त को शरद रास पर 3 विशेष हिंडोले सजेंगे। 28 अगस्त को रक्षाबंधन हिंडोला और 29 अगस्त को सावन भादवा विशेष हिंडोले के दर्शन श्रद्धालुओं को कराए जाएंगे।
श्रद्धालुओं के लिए दर्शन का समय भी तय किया गया है। प्रतिदिन दर्शन और भोग आरती सायं 6 बजे होगी, जबकि शयन भोग के दर्शन सायं 7 बजे होंगे। मंदिर ट्रस्ट ने सभी श्रद्धालुओं से सावन महोत्सव के इन दिव्य आयोजनों में शामिल होने का आग्रह किया है। अलग अलग थीम में सजते हिंडोले और नित्य बदलते श्रृंगार इस आयोजन को खास बना रहे हैं। सावन हिंडोला उत्सव में आस्था, परंपरा और आकर्षक सजावट का संगम श्रद्धालुओं को लगातार अपनी ओर खींच रहा है।
अस्वीकरण (Disclaimer):
यह रिपोर्ट विश्वस्त समाचार एजेंसियों और स्रोतों से प्राप्त तथ्यों पर आधारित है। इसका प्रकाशन केवल सूचना के उद्देश्य से किया गया है। मंदिर में आयोजित कार्यक्रमों की तिथियां और दर्शन समय संबंधित मंदिर ट्रस्ट द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी पर आधारित हैं। इस रिपोर्ट के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय के लिए लेखक, प्रकाशक एवं संपादक किसी भी रूप में उत्तरदायी नहीं होंगे।