नीमकाथाना के डोकन में मूलभूत समस्याओं के खिलाफ अनोखा विरोध प्रदर्शन
पाटन पंचायत समिति की ग्राम पंचायत डोकन के ग्रामीण अपनी वर्षों पुरानी मूलभूत समस्याओं को लेकर प्रशासन के समक्ष अनोखे तरीके से आवाज उठाने की तैयारी कर रहे हैं।
एकजुटता का आह्वान करते कार्यकर्ता
नीमकाथाना, राजस्थान (शिंभू सिंह शेखावत)। आगामी 30 सितंबर 2026 को सुबह 8:15 बजे बाबा मीठा राम मंदिर से एसडीएम कार्यालय तक पेट पलनिया किया जाएगा, जिसके बाद सात सूत्री मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा जाएगा। डोकन के ग्रामीणों का कहना है कि विकास के दावों के बावजूद नंदवाला, बनीवाला, खातेवाला, कुड़ी, खानीवाला, बागवाला, बुरला, कुंडलियां और इंदिरा कॉलोनी सहित कई ढाणियां आज भी पक्के रास्तों और पर्याप्त पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रही हैं। यह कार्यक्रम किसी एक व्यक्ति की नहीं बल्कि पूरे गांव की आवाज है, जिसे शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से प्रशासन के समक्ष रखा जाएगा।
क्रेशर और बस स्टैंड
डोकन क्षेत्र में संचालित क्रेशर एवं अन्य औद्योगिक गतिविधियों से उड़ने वाली धूल के कारण आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, जिस पर ग्रामीणों ने प्रदूषण की जांच करवाकर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है। इसके अलावा, ग्राम पंचायत क्षेत्र में रोडवेज बस स्टैंड स्थापित करने की पुरजोर मांग की गई है ताकि विद्यार्थियों, महिलाओं, बुजुर्गों और रोजाना आवागमन करने वाले आम नागरिकों को सुगम सार्वजनिक परिवहन की राहत मिल सके।
जोहड़ और खेल मैदान
बाबा मीठा राम मंदिर से जोहड़ की ओर निकाले जा रहे रास्ते को लेकर ग्रामीणों ने यह मांग रखी है कि रास्ता पूरी तरह से पुराने एवं परंपरागत मार्ग से ही निकाला जाए। साथ ही, जोहड़ के प्राकृतिक स्वरूप, उसके जलभराव क्षेत्र तथा आसपास मौजूद पेड़-पौधों के संरक्षण की पुख्ता व्यवस्था करने की बात भी कही गई है। इसके साथ ही, राजकीय माध्यमिक विद्यालय के खेल मैदान का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया है, क्योंकि यहाँ के खिलाड़ी जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक अपनी खेल प्रतिभा का लोहा मनवा चुके हैं लेकिन मैदान के अभाव में उनका विकास बाधित हो रहा है।
अश्वनी भारद्वाज की अपील
अश्वनी भारद्वाज ने डोकन क्षेत्र के समस्त ग्रामीणों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस कार्यक्रम में शामिल होकर अपनी एकता का परिचय दें। उन्होंने कहा कि गांव के विकास, रास्तों, पानी, पर्यावरण, खेल मैदान और अन्य तमाम मूलभूत समस्याओं से जुड़े इन मुद्दों को मजबूती से उठाया जाएगा। निर्धारित तिथि एवं समय पर बाबा मीठा राम मंदिर पहुंचकर पेट पलनिया में सहभागिता निभाने से नीमकाथाना प्रशासन और राज्य सरकार की आंख व कान खोलने का यह सार्थक प्रयास पूरी तरह सफल साबित हो सकेगा।
अस्वीकरण (Disclaimer):
यह रिपोर्ट स्थानीय स्रोतों से प्राप्त जानकारी और तथ्यों पर आधारित है। इसका प्रकाशन केवल जनहित और सूचना के उद्देश्य से किया गया है। इस रिपोर्ट के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय या प्रशासनिक कार्रवाई के लिए लेखक, प्रकाशक एवं संपादक किसी भी रूप में उत्तरदायी नहीं होंगे।