राष्ट्रीय समूहगान में देशभक्ति के रंग, लगभग 200 विद्यार्थियों का जलवा
भीलवाड़ा में राष्ट्रीय समूहगान, संस्कृत समूहगान और लोकगीत प्रतियोगिता में 19 स्कूलों के करीब 200 विद्यार्थियों ने प्रतिभा दिखाई, विजेताओं को सम्मान मिला।
राष्ट्रीय समूहगान प्रतियोगिता
भीलवाड़ा, राजस्थान (पंकज पोरवाल)। देशभक्ति के तरानों से गूंजता सभागार, राजस्थानी लोकगीतों पर थिरकते कदम और सुरों में राष्ट्रप्रेम का जज्बा, महेश पब्लिक स्कूल में आयोजित राष्ट्रीय समूहगान प्रतियोगिता में ऐसा ही नजारा देखने को मिला। भारत विकास परिषद राजस्थान मध्य प्रांत की ओर से आयोजित प्रांत स्तरीय राष्ट्रीय समूहगान, संस्कृत समूहगान एवं लोकगीत प्रतियोगिता में 19 विद्यालयों के करीब 200 विद्यार्थियों ने भाग लिया। विद्यार्थियों ने अपनी धरती अपना अंबर, जय जय हे भगवती, हम करें राष्ट्र आराधना और जय भारत जननी जैसे देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए। राजस्थानी लोकगीतों के साथ नृत्य प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में लोक संस्कृति के रंग भी भर दिए।
देशभक्ति से सजे सुर
प्रांतीय मीडिया प्रभारी महेश जाजू ने बताया कि राष्ट्रीय समूहगान प्रतियोगिता में राजस्थान मध्य प्रांत के 19 विद्यालयों के करीब 200 विद्यार्थियों ने भाग लिया। रंग बिरंगे पारंपरिक राजस्थानी परिधानों में सजे विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों में भारतीय संस्कृति और राष्ट्रभक्ति का संदेश नजर आया। प्रांतीय गतिविधि सदस्य समूहगान अनुज मुछाल एवं सुभाष मोटवानी ने बताया कि प्रतियोगिता में हिंदी एवं संस्कृत समूहगान के साथ लोकगीत प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने अपनी गायन प्रतिभा के साथ मंच पर प्रस्तुतियां दीं और देशभक्ति गीतों के माध्यम से वातावरण को राष्ट्रप्रेम से भर दिया। कार्यक्रम में प्रस्तुतियों के दौरान दर्शकों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
विजेताओं ने मारी बाजी
प्रांतीय महासचिव आनंद सिंह राठौड़ एवं प्रांतीय संयोजक संस्कार अरुण बाहेती ने बताया कि हिंदी एवं संस्कृत समूहगान के संयुक्त अंकों के आधार पर भारत विकास परिषद महाराणा प्रताप शाखा की सेंट्रल एकेडमी सीनियर सेकेंडरी स्कूल की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। अजमेर शाखा की दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल टीम द्वितीय रही। संस्कृत समूहगान में स्वामी विवेकानंद शाखा भीलवाड़ा की सेठ मुरलीधर मानसिंहका कन्या विद्यालय टीम तृतीय रही। हिंदी समूहगान में नेताजी सुभाष शाखा भीलवाड़ा की अरिहंत इंटरनेशनल स्कूल टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। लोकगीत प्रतियोगिता में महाराणा प्रताप शाखा केकड़ी की एमएलडी पब्लिक स्कूल टीम प्रथम, विजय नगर स्वामी विवेकानंद शाखा की प्रज्ञा पब्लिक स्कूल टीम द्वितीय और चंद्रशेखर आजाद शाखा भीलवाड़ा की लॉर्ड्स कॉन्वेंट स्कूल टीम तृतीय रही।
जयपुर में होगा अगला दौर
विजेता प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। प्रांतीय अध्यक्ष सतीश तापड़िया एवं प्रांतीय वित्त सचिव अमित सोनी ने बताया कि नवंबर में जयपुर में होने वाली रीजनल स्तर की प्रतियोगिता में भीलवाड़ा की सेंट्रल एकेडमी सीनियर सेकेंडरी स्कूल की टीम राजस्थान मध्य प्रांत का प्रतिनिधित्व करेगी। आयोजक शाखा अध्यक्ष पंकज लोहिया ने बताया कि कार्यक्रम में करीब 400 लोगों की सहभागिता रही। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रांतीय उपाध्यक्ष राधेश्याम अग्रवाल ने की। क्षेत्रीय पर्यवेक्षक के रूप में कमल जैन मौजूद रहे। कार्यक्रम में उपमहापौर राधेश्याम सोमानी, सीए संदीप बाल्दी, राजेंद्र कचोलिया, दिनेश बागडोदिया, कृष्णगोपाल जाखेटिया सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
अस्वीकरण (Disclaimer):
यह रिपोर्ट प्रेस विज्ञप्ति से प्राप्त तथ्यों पर आधारित है। इसका प्रकाशन केवल सूचना के उद्देश्य से किया गया है। इस रिपोर्ट के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय के लिए लेखक, प्रकाशक एवं संपादक किसी भी रूप में उत्तरदायी नहीं होंगे।