जीवन विज्ञान दिवस पर विद्यार्थियों ने सीखे योग और प्राणायाम के गुर
गंगाशहर में जीवन विज्ञान दिवस पर विद्यार्थियों को संयम, अनुशासन और सकारात्मक सोच का संदेश मिला, साथ ही योग और प्राणायाम का प्रशिक्षण दिया गया।
अणुव्रत उद्बोधन सप्ताह सातवां दिन
गंगाशहर (बीकानेर), राजस्थान। अणुव्रत विश्व भारती सोसायटी के निर्देशन में आयोजित अणुव्रत उद्बोधन सप्ताह के सप्तम दिवस को जीवन विज्ञान दिवस के रूप में अणुव्रत समिति गंगाशहर ने अर्हम इंग्लिश एकेडमी, नोखा रोड के प्रांगण में उत्साहपूर्वक मनाया। कार्यक्रम में अणुव्रत समिति के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ विद्यालय के शिक्षक तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ अणुव्रत समिति गंगाशहर के अध्यक्ष करणीदान रांका ने मंगलाचरण के साथ किया। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों, संयम, सद्भावना और संस्कारों के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
जीवन विज्ञान का संदेश
मंत्री कन्हैयालाल बोथरा के अनुसार कार्यक्रम में मुख्य वक्ता डॉ. अर्पिता गुप्ता ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि अणुव्रत केवल शब्दों, नियमों या संकल्पों तक सीमित नहीं है, बल्कि जीवन को सही दिशा देने वाली आचरण की पद्धति है। उन्होंने विचारों, वाणी और व्यवहार में संयम रखने तथा स्वयं के साथ समाज के प्रति जिम्मेदारी समझने पर जोर दिया। डॉ. गुप्ता ने कहा कि जीवन विज्ञान केवल पढ़ने का विषय नहीं, बल्कि जीवन को समझने और बेहतर ढंग से जीने की कला है। उन्होंने तनाव, प्रतिस्पर्धा, सोशल मीडिया और बदलती जीवनशैली जैसी चुनौतियों के बीच भावनाओं को समझने और सकारात्मक सोच विकसित करने की प्रेरणा दी।
योग से बढ़ी जागरूकता
उपाध्यक्ष मनोज सेठिया के अनुसार अर्हम इंग्लिश एकेडमी के प्रबंधक सुरेंद्र डागा ने विद्यार्थियों से कहा कि जीवन में सफलता केवल अच्छे अंक प्राप्त करने से नहीं मिलती, बल्कि अच्छे संस्कार, अच्छा व्यवहार, अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच व्यक्ति को वास्तव में सफल बनाते हैं। कार्यक्रम प्रभारी राजेंद्र नाहटा ने बताया कि अणुव्रत उद्बोधन सप्ताह के अंतर्गत विद्यार्थियों के लिए प्रशिक्षण आयोजित किया गया। इसमें योग प्रशिक्षक धर्मचंद सोनी और सहयोगी नेहा साध ने बच्चों को योग तथा प्राणायाम करवाया। विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों और समाज में नैतिक मूल्यों, संयम, सद्भावना और संस्कारों के प्रति जागरूकता का संदेश दिया जा रहा है।
सम्मान और सहभागिता
आशीष गर्ग के अनुसार कार्यक्रम में अणुव्रत समिति गंगाशहर की ओर से मुख्य वक्ता डॉ. अर्पिता गुप्ता, अर्हम इंग्लिश एकेडमी के प्रबंधक सुरेंद्र डागा, ताराचंद गुलगुलिया, हेमराज गुलगुलिया, योग प्रशिक्षक धर्मचंद सोनी और सहयोगी नीलम साध का पताका पहनाकर तथा अणुव्रत साहित्य भेंट कर सम्मान किया गया। कार्यक्रम में अध्यक्ष करणीदान रांका, उपाध्यक्ष मनोज सेठिया और मनीष बाफना, मंत्री कन्हैयालाल बोथरा, सहमंत्री मनोज छाजेड़ सहित समिति के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन मनीष बाफना ने किया और दिलीप सिरोहिया ने आभार व्यक्त किया। अंत में विद्यार्थियों ने जीवन में अच्छे संस्कार, संयम, अनुशासन और सकारात्मक सोच अपनाने का संकल्प लिया।
अस्वीकरण (Disclaimer):
यह रिपोर्ट प्रेस विज्ञप्ति से प्राप्त तथ्यों पर आधारित है। इसका प्रकाशन केवल सूचना के उद्देश्य से किया गया है। इस रिपोर्ट के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय के लिए लेखक, प्रकाशक एवं संपादक किसी भी रूप में उत्तरदायी नहीं होंगे।