प्रबल कार्यक्रम में 26 विद्यार्थियों ने मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाई
प्रबल कार्यक्रम में 26 विद्यार्थियों ने भाषण, चर्चा और नाट्य प्रस्तुतियों में भाग लिया। 4 चयनित विद्यार्थी जयपुर में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
प्रबल कार्यक्रम
भीलवाड़ा, राजस्थान (पंकज पोरवाल)। पीएम श्री राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, बापू नगर में आयोजित 2 दिवसीय जिला स्तरीय प्रबल कार्यक्रम में जिले के 4 विद्यार्थियों का चयन जयपुर में होने वाले विधानसभा सत्र के लिए किया गया। चयनित विद्यार्थियों में 2 छात्र और 2 छात्राएं शामिल हैं, जो आगामी दिनों में विधानसभा सत्र में भीलवाड़ा जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। प्रधानाचार्य सुनीता नानकानी के अनुसार, बदनोर को छोड़कर जिले के सभी 13 ब्लॉकों से 13 छात्राओं और 13 छात्रों सहित कुल 26 विद्यार्थियों ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया। विद्यार्थियों ने अलग अलग गतिविधियों में अपनी क्षमता दिखाई। [विडियो]
प्रतिभा का प्रदर्शन
प्रबल कार्यक्रम के पहले दिन परिचय सत्र के बाद आशु भाषण और पैनल चर्चा हुई, जबकि दूसरे दिन विद्यार्थियों ने नाट्य प्रस्तुतियों के जरिए अपनी प्रतिभा दिखाई। सभी गतिविधियों के समग्र मूल्यांकन के आधार पर चयन किया गया। छात्रा वर्ग में महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय, लेबर कॉलोनी की अनुष्का सिंह प्रथम और पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, मांडलगढ़ की पलक नामदेव द्वितीय रहीं। छात्र वर्ग में आसींद के मोड़ का निंबाहेड़ा स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के अशरफ शेख प्रथम तथा शाहपुरा के बोरड़ा बावरियान विद्यालय के सांवरमल बावरी द्वितीय स्थान पर रहे।
मॉक विधानसभा
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने मॉक विधानसभा का प्रदर्शन भी किया, जिसमें गौरव कुमारी का सहयोग सराहनीय रहा। समापन समारोह में नगर निगम महापौर जसवंत कंवर और उपमहापौर राधेश्याम सोमानी मुख्य अतिथि रहे। अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी कैलाश सुथार, सुवाणा के मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी विजयपाल वर्मा, समग्र शिक्षा के एपीसी पंकज जैन, कार्यक्रम अधिकारी सुनील राय पोरवाल, नीरज गंगवाल और योगेश दाधीच सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे। निर्णायक मंडल में कौशल श्रृंगी, अंशु वर्मा, अरुण शर्मा, दिनेश शर्मा, सुनील डीडवाना, सतीश व्यास और महेंद्र धायल शामिल रहे। प्रबल कार्यक्रम का संचालन स्नेहलता सनाढ्य ने किया।
अस्वीकरण (Disclaimer):
यह रिपोर्ट प्रेस विज्ञप्ति से प्राप्त तथ्यों पर आधारित है। इसका प्रकाशन केवल सूचना के उद्देश्य से किया गया है। इस रिपोर्ट के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय के लिए लेखक, प्रकाशक एवं संपादक किसी भी रूप में उत्तरदायी नहीं होंगे।