WA Join our WhatsApp Group
Advertisement Advertisement
View in Newspaper Form

बिरसा मुंडा के बलिदान को याद करेगा देश, जनजातीय गौरव सप्ताह शुरू

भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर 15 दिवसीय पखवाड़े और भाजपा के 7 दिवसीय अभियान से जनजातीय इतिहास, संस्कृति और बलिदान को नई पहचान देने की तैयारी।

By अजय त्यागी
1 min read
advertisement13Aug2026%20copy.jpg प्रेस वार्ता में जानकारी देते वक्ता

प्रेस वार्ता में जानकारी देते वक्ता

भीलवाड़ा, राजस्थान (पंकज पोरवाल)। भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस मनाया जाएगा। जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, वीरता और बलिदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए केंद्र सरकार 15 दिवसीय जनजातीय गौरव पखवाड़ा आयोजित कर रही है। वहीं भाजपा की ओर से 7 दिवसीय जनजातीय गौरव सप्ताह मनाया जा रहा है। भीलवाड़ा में भी जागरूकता कार्यक्रमों के जरिए जनजातीय महापुरुषों के योगदान, संस्कृति और परंपराओं को आमजन तक पहुंचाने की तैयारी है। सांसद दामोदर अग्रवाल ने गुरुवार को जनसुनवाई केंद्र पर आयोजित पत्रकार वार्ता में इसकी जानकारी दी।  [Video]

वीरता का इतिहास

सांसद दामोदर अग्रवाल ने कहा कि बिरसा मुंडा ने जल, जंगल और जमीन के साथ जनजातीय स्वाभिमान, सभ्यता और संस्कृति की रक्षा के लिए बड़ा आंदोलन किया था। उन्होंने मात्र 25 वर्ष की आयु में देश के लिए बलिदान दिया। सांसद के अनुसार जनजातीय नायकों ने आजादी की लड़ाई से लेकर सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ संघर्ष तक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। जनजातीय गौरव दिवस पिछले 5 वर्षों से मनाया जा रहा है। इस आयोजन का उद्देश्य बिरसा मुंडा जैसे महापुरुषों के संघर्ष और बलिदान को उचित पहचान दिलाना तथा उनके योगदान से नई पीढ़ी को परिचित कराना है।

गौरव सप्ताह आयोजन

अग्रवाल ने बताया कि भाजपा संगठन की ओर से 7 दिवसीय जनजातीय गौरव सप्ताह के दौरान जनजातीय नायकों के योगदान को जन जन तक पहुंचाया जाएगा। विशेष रूप से उन जिलों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जहां जनजातीय आबादी 10 प्रतिशत से अधिक है। सांसद ने कहा कि भीलवाड़ा जिले में भी 5 प्रतिशत से अधिक मतदाता जनजातीय समाज से जुड़े हैं। ऐसे में यहां जागरूकता कार्यक्रमों की जरूरत है। अभियान के जरिए जनजातीय समाज की ऐतिहासिक विरासत, संस्कृति और परंपराओं को सामने लाने के साथ नई पीढ़ी को अपने गौरवशाली इतिहास से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

शिक्षा और विकास

सांसद ने कहा कि जनजातीय समाज के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर संस्कार उपलब्ध कराने के लिए भी इस अभियान के माध्यम से प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे इतिहास के वास्तविक तथ्यों को जानें और जनजातीय महापुरुषों के जीवन, संघर्ष तथा बलिदान का स्मरण करें। उनके प्रेरणादायी प्रसंगों को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज के उत्थान में समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी होनी चाहिए। केंद्र और राज्य सरकार जनजातीय क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से काम कर रही हैं।

उपेक्षित नायकों की पहचान

सांसद अग्रवाल ने कहा कि लंबे समय तक जनजातीय समाज और उसके अनेक नायकों को इतिहास में अपेक्षित स्थान नहीं मिल पाया। उनके अनुसार अब ऐसे उपेक्षित जनजातीय वीरों के बलिदान और योगदान को सामने लाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि नई पीढ़ी उनसे प्रेरणा ले सके। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय महापुरुषों के संघर्ष और योगदान को व्यापक पहचान दिलाने की पहल की जा रही है। बिरसा मुंडा की जयंती पर आयोजित जनजातीय गौरव दिवस भी इसी उद्देश्य से जुड़ा है। पत्रकार वार्ता में भाजपा जिला महामंत्री प्रहलाद त्रिपाठी, वनवासी कल्याण परिषद संयोजक रामप्रसाद अग्रवाल और सांसद प्रतिनिधि विनोद झुरानी सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

अस्वीकरण (Disclaimer):

यह रिपोर्ट प्रेस विज्ञप्ति से प्राप्त तथ्यों पर आधारित है। इसका प्रकाशन केवल सूचना के उद्देश्य से किया गया है। इस रिपोर्ट के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय के लिए लेखक, प्रकाशक एवं संपादक किसी भी रूप में उत्तरदायी नहीं होंगे।

Rex TV Verification Metrics
Ajay Tyagi - Editor In Chief

Ajay Tyagi

Editor-in-Chief