WA Join our WhatsApp Group
Advertisement Advertisement
View in Newspaper Form

हिंदुस्तान जिंक के मेगा प्लान से 2 लाख से अधिक लोगों को मिलेगा रोजगार

हिंदुस्तान जिंक 80 हजार करोड़ के निवेश से अगले 5 वर्षों में अपनी धातु उत्पादन क्षमता दोगुनी करेगा, जिससे 2 लाख से अधिक रोजगार पैदा होंगे।

By अजय त्यागी
1 min read
advertisement13Aug2026%20copy.jpg 5 साल में दोगुनी होगी धातु उत्पादन क्षमता

5 साल में दोगुनी होगी धातु उत्पादन क्षमता

भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। प्रदेश के खनन और औद्योगिक परिदृश्य में एक ऐतिहासिक बदलाव की तैयारी शुरू हो गई है। वेदांता समूह की प्रमुख कंपनी हिंदुस्तान जिंक ने अपने महत्वाकांक्षी विस्तार कार्यक्रम के तहत 80 हजार करोड़ रुपए के विशाल निवेश को अपनी मंजूरी प्रदान की है। इस मेगा प्रोजेक्ट के माध्यम से राज्य में खनन, धातु उत्पादन और विनिर्माण क्षेत्र को अभूतपूर्व गति मिलेगी। कंपनी ने अगले 3 से 5 वर्षों के भीतर अपनी धातु उत्पादन क्षमता को दोगुना करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके तहत जिंक उत्पादन 20 लाख टन प्रतिवर्ष और चांदी उत्पादन 1500 टन प्रतिवर्ष तक पहुंचाया जाएगा, जिससे वैश्विक मांग का 15 प्रतिशत हिस्सा पूरा होगा।  [Video]

राज्य को राजस्व और रोजगार

इस विशाल निवेश से स्थानीय अर्थव्यवस्था को बड़ा संबल मिलने की पूरी उम्मीद है। विस्तार योजना के पूर्ण होने पर राज्य सरकार को प्रतिवर्ष लगभग 12 हजार करोड़ रुपए का अतिरिक्त राजस्व प्राप्त होने का अनुमान है। वेदांता समूह अब तक प्रदेश में करीब 1.5 लाख करोड़ रुपए का निवेश कर चुका है और यह नया प्रोजेक्ट प्रस्तावित अतिरिक्त 1 लाख करोड़ रुपए के निवेश का हिस्सा है। कंपनी के अनुसार, इस महाअभियान से 2 लाख से अधिक प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होंगे। इसके साथ ही 500 से ज्यादा एमएसएमई इकाइयों के कारोबार को सीधा लाभ मिलेगा और छोटे उद्यमियों के लिए नए रास्ते खुलेंगे।

जिंक इंडस्ट्रियल पार्क

जिले में विकसित किया जा रहा जिंक इंडस्ट्रियल पार्क इस पूरी विकास योजना का एक अत्यंत महत्वपूर्ण स्तंभ है। यह विशेष पार्क जिंक आधारित उद्योगों को एक व्यापक और आधुनिक औद्योगिक मंच उपलब्ध कराएगा। यहां बड़े उद्योगों के साथ एमएसएमई इकाइयों और नए उद्यमियों को अपना कारोबार स्थापित करने का सुनहरा अवसर प्राप्त होगा। इस परियोजना से स्थानीय स्तर पर हजारों नए रोजगार सृजित होने की संभावना है। कंपनी के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस और अनुसंधान सुविधाओं के जरिए नए उत्पादों तथा विशेष मिश्रधातुओं के विकास को भी प्रोत्साहन मिलेगा, जिससे जिले को औद्योगिक मानचित्र पर एक नई और सशक्त पहचान मिल सकेगी।

उत्पादन और धातु उपयोग

वर्ष 2002 में भारत सरकार के विनिवेश और वेदांता समूह द्वारा अधिग्रहण के बाद से कंपनी के जिंक उत्पादन में चार गुना और चांदी उत्पादन में 20 गुना से अधिक की ऐतिहासिक वृद्धि दर्ज हुई है। वर्तमान में आधुनिक उद्योगों में इन धातुओं की उपयोगिता निरंतर बढ़ रही है। जिंक का उपयोग स्टील को जंग से बचाने, निर्माण और ऑटोमोबाइल क्षेत्र में होता है। वहीं चांदी की मांग इलेक्ट्रॉनिक्स, सेमीकंडक्टर, सोलर पैनल और इलेक्ट्रिक वाहनों में तेजी से बढ़ रही है। लेड का इस्तेमाल बैटरियों और ऊर्जा भंडारण में महत्वपूर्ण है, जबकि प्रस्तावित उर्वरक निर्माण क्षमता देश की खाद्य सुरक्षा को भी मजबूती देगी।

ऊर्जा और भावी योजना

कंपनी के सीईओ अमरेंदु प्रकाश ने बताया कि एचजेडएल 2.0 कंपनी की विकास यात्रा का एक अहम अध्याय है, जिसमें माइंस, मिलों, नए स्मेल्टर्स और सिल्वर रिफाइनरी का विस्तार शामिल है। यह योजना तीन मुख्य स्तंभों पर आधारित है, जिनमें मल्टी-मेटल कंपनी के रूप में विस्तार, सस्टेनेबिलिटी तथा भविष्य की तकनीकों में निवेश प्रमुख हैं। पर्यावरण संरक्षण के तहत कंपनी अपनी ऊर्जा जरूरतों का 27 प्रतिशत नवीकरणीय स्रोतों से पूरा कर रही है, जिसे वित्त वर्ष 2028 तक 70 प्रतिशत करने का लक्ष्य है। लगातार तीसरे वर्ष दुनिया की सबसे सस्टेनेबल माइनिंग कंपनी चुनी गई हिंदुस्तान जिंक ने 3.32 गुना जल सकारात्मकता भी हासिल की है।

अस्वीकरण (Disclaimer): यह रिपोर्ट विश्वस्त समाचार एजेंसियों और स्रोतों से प्राप्त तथ्यों पर आधारित है। इसका प्रकाशन केवल सूचना के उद्देश्य से किया गया है। इस रिपोर्ट के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय के लिए लेखक, प्रकाशक एवं संपादक किसी भी रूप में उत्तरदायी नहीं होंगे।

Rex TV Verification Metrics
Ajay Tyagi - Editor In Chief

Ajay Tyagi

Editor-in-Chief