WA Join our WhatsApp Group
Advertisement Advertisement
← Back to article
Rex TV India
Latest News मोटिवेशनल Digital Newsletter 14 Aug 2026 · 11:50 AM

चालान नहीं जिंदगी बचाने की मुहिम, 9 साल से हेलमेट जागरूकता जारी 

हेलमेट जागरूकता की मिसाल कांस्टेबल चालक बस्तीराम बिश्नोई

बीकानेर, राजस्थान। हेलमेट जागरूकता की एक अभूतपूर्व मिसाल यहां सामने आई है। सीआईडी सीबी रेंज सेल बीकानेर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रघुवीर प्रसाद शर्मा के कांस्टेबल चालक बस्तीराम बिश्नोई पिछले 9 वर्षों से रोज करीब 15 से 20 किलोमीटर साइकिल चलाते हैं। खास बात यह है कि वह साइकिल चलाते समय भी हेलमेट पहनते हैं और रास्ते में लोगों को सड़क सुरक्षा के लिए जागरूक करते हैं। उनका अभियान मेरी साइकिल, मेरा हेलमेट नाम से चलता है।

बस्तीराम का साफ संदेश है, "हेलमेट चालान से बचने के लिए नहीं, जिंदगी बचाने के लिए जरूरी है।"

हादसे ने बदली सोच

वर्ष 2018 में घर से कार्यालय जाते समय बस्तीराम ने पीबीएम अस्पताल के पास एक युवक को बिना हेलमेट बाइक चलाते देखा। अचानक बाइक का संतुलन बिगड़ा और युवक सड़क पर गिर गया। सिर में गंभीर चोट लगने के बाद उसे पीबीएम अस्पताल ले जाया गया और बाद में मेदांता अस्पताल भेजा गया। वहां 4 दिन उपचार के बाद युवक की मौत हो गई। अखबार के माध्यम से घटना की पूरी जानकारी मिलने पर बस्तीराम अंदर तक हिल गए। उन्होंने उसी दिन खुद हमेशा हेलमेट पहनने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया। यही घटना उनके अभियान की वजह बनी।

इसके बाद बस्तीराम ने साइकिल चलाते समय भी हेलमेट पहनना शुरू कर दिया। पिछले 9 वर्षों से उनका यह नियम लगातार जारी है। वह रोज 15 से 20 किलोमीटर साइकिल चलाकर लोगों के बीच सड़क सुरक्षा का संदेश पहुंचाते हैं। उनका मानना है कि केवल यातायात नियम बताने से ज्यादा असर तब होता है जब कोई व्यक्ति खुद उनका पालन करता दिखाई दे। इसी सोच के साथ हेलमेट जागरूकता उनके रोजमर्रा के सफर का हिस्सा बन गई। उनका कहना है कि सड़क पर छोटी सी लापरवाही भी परिवार की जिंदगी पर भारी पड़ सकती है, इसलिए सुरक्षा को आदत बनाना जरूरी है।

सम्मानों की पूरी सूची

  • 30 दिसंबर 2025 को डीजीपी ट्रैफिक अनिल पालीवाल ने ₹5,000 नकद पुरस्कार और प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया।
  • 9 जनवरी 2026 को केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने बीकानेर ट्रेड फेयर एक्सपो में स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।
  • 17 फरवरी 2026 को अखिल भारतीय बिश्नोई महासभा मुकाम बीकानेर ने प्रशंसा पत्र और स्मृति चिन्ह प्रदान किया।
  • 27 मार्च 2026 को आईजीपी मानवाधिकार ने ₹2,000 नकद पुरस्कार और प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया।
  • 16 अप्रैल 2026 को पुलिस स्थापना दिवस पर आईजीपी रेंज बीकानेर ओमप्रकाश ने प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया।
  • 19 अप्रैल 2026 को बीकानेर नगर स्थापना दिवस पर संभागीय आयुक्त विश्राम मीणा ने स्मृति चिन्ह प्रदान किया।
  • 24 मई 2026 को राजस्थान पुलिस के संडे ऑन साइकिल के 27वें संस्करण में 3 आरएसी बीकानेर के साथ सहभागिता की।
  • 30 मई 2026 को जाम्भाणी साहित्य अकादमी बीकानेर में डीआईजीपी देवेन्द्र बिश्नोई ने प्रशंसा पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।
  • 7 जून 2026 को कलेक्ट्रेट परिसर बीकानेर में केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने मेरी साइकिल, मेरा हेलमेट अभियान की साइकिल का 9वां जन्मदिन केक काटकर मनाया।

खुद बन रहे मिसाल

बस्तीराम का मानना है कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस या प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उनका प्रयास है कि लोग हेलमेट को केवल यातायात नियम या चालान से बचने का माध्यम न समझें, बल्कि इसे अपने और अपने परिवार के जीवन की सुरक्षा से जोड़कर देखें। उनका कहना है कि एक हादसे ने उन्हें जिंदगी की कीमत समझाई और उसी घटना ने उन्हें हेलमेट जागरूकता का संदेशवाहक बना दिया। मेरी साइकिल, मेरा हेलमेट अभियान इसी सोच का प्रेरणादायी उदाहरण बन गया है।

अपील  

हेलमेट जागरूकता की मिसाल कांस्टेबल चालक बस्तीराम बिश्नोई के जीवन रक्षक अभियान मेरी साइकिल, मेरा हेलमेट का हम पूर्ण समर्थन करते हैं। आम जन से अपील है कि सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का आवश्यक रूप से पालन करें। 

Rex TV India Author:अजय त्यागी August 14, 2026: 11:50 AM © 2026 Rex TV India Contact @ 91 6376887816 | rextvindia@gmail.com
— End of Article —