बीकानेर, राजस्थान। शनिवार 5 सितंबर को सुबह 11:15 बजे बीजेएस रामपुरिया जैन कॉलेज परिसर में "युवा उड़ान" का विमोचन होगा। पूर्व प्रिंसिपल चिंतक और लेखक प्रोफेसर डॉ. नरसिंह बिनानी की प्रेरक आलेखों से तैयार इस पुस्तक के लोकार्पण का मंच सज चुका है। माहेश्वरी सभा शहर बीकानेर और बीजेएस रामपुरिया जैन कॉलेज के संयुक्त तत्वाधान में होने वाला यह कार्यक्रम शिक्षक दिवस पर युवाओं को प्रेरणा देने वाला रहेगा। कार्यक्रम में साहित्य, समाज और उद्योग जगत की कई जानी पहचानी हस्तियां शामिल होंगी।
समारोह के मुख्य अतिथि युवा उद्यमी और बीकाजी ग्रुप के चेयरमैन दीपक अग्रवाल तथा माहेश्वरी सभा शहर बीकानेर के अध्यक्ष सुनील सारड़ा होंगे। अध्यक्षता पूर्व प्रिंसिपल वरिष्ठ साहित्यकार और समालोचक प्रोफेसर डॉ. उमाकांत गुप्त करेंगे। संरक्षक पूर्व प्रिंसिपल और लायंस क्लब के पूर्व प्रांतपाल प्रोफेसर सुमेर चंद जैन रहेंगे। यानी युवाओं को उड़ान सिखाने के लिए मंच पर अनुभव का ऐसा जमावड़ा होगा कि शायद भाषण सुनते ही कई सपनों को रनवे मिल जाए।
विशिष्ट अतिथियों में वरिष्ठ कवि कथाकार राजेन्द्र जोशी और कमल रंगा होंगे। स्वागताध्यक्ष वरिष्ठ कवि कथाकार राजाराम स्वर्णकार रहेंगे। पुस्तकीय टीप राजस्थानी के प्रतिष्ठित रचनाकार शंकर सिंह राजपुरोहित और शिक्षाविद डॉ. कृष्णा गहलोत करेंगी। संचालन वरिष्ठ लेखक कवि इंजी. गिरिराज पारीक करेंगे। इस प्रेरणादायक पुस्तक के लोकार्पण पर साहित्य की पूरी मंडली मंच पर पहुंच रही है।
प्रोफेसर डॉ. नरसिंह बिनानी की पुस्तक मोटिवेशनल आर्टिकल्स पर आधारित है और इसमें युवाओं को सोचने, समझने तथा आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने वाले आलेख शामिल हैं। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक बिनानी शिक्षा, लेखन और सामाजिक सरोकारों से लंबे समय से जुड़े रहे हैं। ऐसे में "युवा उड़ान" का विमोचन महज किताब के पन्ने खोलने का कार्यक्रम नहीं माना जा सकता। शिक्षक दिवस पर इसका आयोजन भी अपने आप में विशेष संदेश देता है। आज के परिप्रेक्ष्य की बात करें तो आज युवाओं को हर तरफ तुरंत सफलता चाहिए यह किताब शायद उन्हें थोड़ा ठहरकर, संयम रखकर सोचने की सलाह देगी।
कार्यक्रम जयनारायण व्यास कॉलोनी स्थित कॉलेज परिसर में होगा और आयोजकों ने इसे युवाओं के लिए प्रेरक अवसर के तौर पर प्रस्तुत किया है। मंच पर साहित्यकारों, शिक्षाविदों, उद्यमियों और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों की मौजूदगी कार्यक्रम को खास बनाएगी। "युवा उड़ान" का विमोचन ऐसे समय में हो रहा है जब युवाओं के सामने करियर, रोजगार और बदलती दुनिया के साथ कदम मिलाने जैसी कई चुनौतियां हैं। इसलिए किताब से उम्मीद सिर्फ तालियों तक सीमित नहीं होगी। असली बात यही होगी कि इसे पढ़ने के बाद कितने युवा अपने सपनों को योजना में और योजना को काम में बदल पाते हैं।
अस्वीकरण (Disclaimer):
यह रिपोर्ट विश्वस्त समाचार एजेंसियों और स्रोतों से प्राप्त तथ्यों पर आधारित है। इसका प्रकाशन केवल सूचना के उद्देश्य से किया गया है। कार्यक्रम से जुड़े समय स्थान अतिथियों और आयोजन संबंधी विवरण आयोजकों से प्राप्त जानकारी पर आधारित हैं और इनमें परिवर्तन संभव है। इस रिपोर्ट के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय के लिए लेखक प्रकाशक एवं संपादक किसी भी रूप में उत्तरदायी नहीं होंगे।
Author:अजय त्यागी
September 4, 2026: 9:01 PM
© 2026 Rex TV India
Contact @ 91 6376887816 | rextvindia@gmail.com