WA Join our WhatsApp Group
Advertisement Advertisement
← Back to article
Rex TV India
Latest News राजस्थान Digital Newsletter 01 Oct 2026 · 6:35 PM

अन्तर्राष्ट्रीय दिव्यांगजन दिवस: उत्कृष्ट कार्यों को मिलेंगे पुरस्कार

प्रतीकात्मक फोटो

बीकानेर, राजस्थान। विशेष योग्यजन निदेशालय द्वारा प्रतिवर्ष सर्वश्रेष्ठ विशेष योग्यजन एवं इस क्षेत्र में कार्यरत सर्वश्रेष्ठ व्यक्तियों, संस्थाओं व कार्यालयों को 3 दिसंबर को ‘अन्तर्राष्ट्रीय दिव्यांगजन दिवस’ के अवसर पर राज्य स्तरीय विशेष योग्यजन पुरस्कार योजना से सम्मानित किया जाता है। इस वर्ष भी यह पुरस्कार 3 दिसंबर 2026 को प्रदान किए जाएंगे। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के संयुक्त निदेशक श्री मनोज कुमार गहलोत ने बताया कि ये पुरस्कार दो श्रेणियों में प्रदान किए जाते हैं, जिसमें प्रथम श्रेणी सर्वश्रेष्ठ विशेष योग्यजन व्यक्ति तथा द्वितीय श्रेणी विशेष योग्यजन के क्षेत्र में कार्य करने वाली सर्वश्रेष्ठ व्यक्ति, स्वयंसेवी संस्था, कार्यालय, एजेंसियां व अन्य शामिल हैं।

आवश्यक दस्तावेज

उन्होंने बताया कि आवेदक अपनी श्रेणी के निर्धारित प्रपत्र में भरकर अपना एक फोटोग्राफ (दिव्यांगता दर्शाता हुआ) एवं 40 प्रतिशत या इससे अधिक निःशक्तता का प्रमाण पत्र अवश्य संलग्न करें। आवेदक के विरुद्ध किसी पुलिस थाने एवं न्यायालय में कोई आपराधिक प्रकरण लंबित नहीं होना चाहिए। निर्धारित आवेदन पत्र के साथ पासपोर्ट साइज फोटो, आवेदक के हस्ताक्षर तथा समस्त दस्तावेज आवेदक के स्वहस्ताक्षरित होने अनिवार्य हैं। इसके अलावा आवेदक का फोटोयुक्त व स्थाई पते का कोई पहचान पत्र आवेदन पत्र के साथ लगाना भी अनिवार्य किया गया है।

विशिष्ट उपलब्धियां

उन्होंने बताया कि सभी आवेदक अर्जित की गई विशिष्ट उपलब्धियों का विवरण आवेदन पत्र में अवश्य अंकित करें और इससे संबंधित दस्तावेज भी संलग्न करें। आवेदन पत्र व समस्त दस्तावेज स्पष्ट एवं पठनीय होने चाहिए जो कि स्पाइरल बाइंडिंग किए हुए हों और सभी दस्तावेजों पर आवेदक के हस्ताक्षर होने चाहिए। स्वयंसेवी संस्था की स्थिति में नवीनतम 2 वर्ष की ऑडिट रिपोर्ट व प्रकाशित कराए गए विज्ञापन या लेख भी संलग्न करना जरूरी है।

अंतिम तिथि

उन्होंने बताया कि निर्धारित मापदंड को पूरा करने वाले अभ्यर्थियों व संस्थाओं से आवेदन पत्र संयुक्त निदेशक सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, चोपड़ा कटला, रानी बाजार, बीकानेर में प्रस्ताव आमंत्रित किए जा रहे हैं। इन पुरस्कारों के लिए गाइडलाइन व आवेदन प्रारूप पृथक-पृथक तैयार किए गए हैं, जिनका पूर्ण ब्यौरा विभाग की वेबसाइट http://www.dsap.rajasthan.gov.in पर भी उपलब्ध है। संबंधित आवेदक कुल 02 श्रेणियों में से एक में पात्रतानुसार आवेदन पत्र कार्यालय में 16 अक्टूबर तक जमा करा सकते हैं, जिसके बाद कोई प्रस्ताव स्वीकार नहीं किए जाएंगे।

अस्वीकरण (Disclaimer):

यह रिपोर्ट सरकारी विज्ञप्ति से प्राप्त तथ्यों पर आधारित है। इसका प्रकाशन केवल सूचना के उद्देश्य से किया गया है। इस रिपोर्ट के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय के लिए लेखक, प्रकाशक एवं संपादक किसी भी रूप में उत्तरदायी नहीं होंगे।

Rex TV India Author:अजय त्यागी October 1, 2026: 6:35 PM © 2026 Rex TV India Contact @ 91 6376887816 | rextvindia@gmail.com
— End of Article —