WA Join our WhatsApp Group
Advertisement Advertisement
← Back to article
Rex TV India
Latest News राजस्थान Digital Newsletter 02 Oct 2026 · 7:09 PM

पंचायत राज चुनाव 2026 की तैयारियां तेज, बीकानेर में 25 प्रकोष्ठ गठित

प्रतीकात्मक फोटो

बीकानेर, राजस्थान। पंचायत राज चुनाव 2026 की प्रारंभिक तैयारियों और निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं को सुचारू बनाने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी निशांत जैन ने 25 प्रकोष्ठ गठित किए हैं। इन प्रकोष्ठों के लिए प्रभारी और सहायक प्रभारी अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। पंचायत राज चुनाव से जुड़ी व्यवस्थाओं में निर्वाचन एवं नियुक्ति, कानून व्यवस्था, आरओ, प्रशिक्षण, ईवीएम, सामान्य व्यवस्था और चुनाव प्रबंधन जैसे कार्य शामिल किए गए हैं। अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रशासन एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी उम्मेदसिंह रतनू को निर्वाचन एवं नियुक्ति प्रकोष्ठ की जिम्मेदारी दी गई है। अतिरिक्त जिला कलक्टर शहर रीना को कानून व्यवस्था से जुड़े प्रकोष्ठ का प्रभारी बनाया गया है।

निर्वाचन व्यवस्था

पंचायत राज चुनाव के लिए सिद्धार्थ पलनीचामी को आरओ और प्रशिक्षण प्रकोष्ठ का प्रभारी नियुक्त किया गया है। बीकानेर विकास प्राधिकरण की आयुक्त धायगुङे स्नेहल नाना को ईवीएम और सामान्य व्यवस्था प्रकोष्ठ की जिम्मेदारी मिली है। जिला परिषद के अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी दिलीप कुमार इलेक्शन मैनेजमेंट, डिप्लॉयमेंट, कम्यूनिकेशन प्लान और निर्देशिका मुद्रण प्रकोष्ठ संभालेंगे। माध्यमिक शिक्षा निदेशालय के अतिरिक्त निदेशक शैलेंद्र देवड़ा को आदर्श आचरण संहिता पालना प्रकोष्ठ का दायित्व दिया गया है। जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी शैलजा पांडे को इलेक्शन एक्सपेन्डिचर मॉनिटरिंग और मतदाता जागरूकता प्रकोष्ठ का प्रभारी बनाया गया है।

मतपत्र और परिवहन 

पंचायत राज चुनाव की प्रक्रिया में मतपत्र, डाक मतपत्र, परिवहन और निर्वाचन सामग्री से जुड़ी व्यवस्थाओं के लिए भी अलग प्रकोष्ठ बनाए गए हैं। कोषाधिकारी सवाई सिंह बावरी को मतपत्र मुद्रण प्रकोष्ठ, भू प्रबंध अधिकारी सविना बिश्नोई को डाक मतपत्र प्रकोष्ठ और क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी अनिल पांडिया को यातायात एवं वाहन प्रकोष्ठ की जिम्मेदारी दी गई है। जिला रसद अधिकारी द्वितीय नरेश कुमार निर्वाचन भंडार, अल्पाहार और पीओएल प्रकोष्ठ का काम देखेंगे। मुख्य लेखाधिकारी प्रारंभिक शिक्षा पुंजाराम गर्ग को लेखा प्रकोष्ठ का प्रभारी बनाया गया है। इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य निर्वाचन प्रक्रिया के लिए आवश्यक संसाधनों की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करना है।

मीडिया और नियंत्रण कक्ष 

पंचायत राज चुनाव की तैयारियों में सूचना, निगरानी और संचार व्यवस्था के लिए भी जिम्मेदारियां तय की गई हैं। जनसंपर्क विभाग के उपनिदेशक हरिशंकर आचार्य को वीडियोग्राफी एवं फोटोग्राफी प्रकोष्ठ की जिम्मेदारी दी गई है। उपखंड अधिकारी महिमा कसाना रूट चार्ट और चेक पोस्ट प्रकोष्ठ संभालेंगी। उपायुक्त वाणिज्य एवं कर विभाग समीरदान संक्रोत को पर्यवेक्षक समन्वय प्रकोष्ठ का प्रभारी बनाया गया है। अनुजा निगम के जिला परियोजना प्रबंधक एलडी पंवार नियंत्रण कक्ष, कॉल सेंटर और पूछताछ कक्ष प्रकोष्ठ संभालेंगे। सांख्यिकी विभाग के उपनिदेशक धर्मपाल खींचड़ को सांख्यिकी एवं सूचना संप्रेषण प्रकोष्ठ की जिम्मेदारी दी गई है।

आईटी और कार्मिक व्यवस्था

पंचायत राज चुनाव के लिए मीडिया और तकनीकी व्यवस्थाओं को भी निर्वाचन तैयारी में शामिल किया गया है। बीकानेर विकास प्राधिकरण के सचिव हेमेन्द्र नागर और जनसंपर्क विभाग के उपनिदेशक हरिशंकर आचार्य को मीडिया प्रकोष्ठ की जिम्मेदारी दी गई है। सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग के अतिरिक्त निदेशक सत्येंद्र सिंह राठौड़ को आईटी और डाटा अपलोडिंग प्रकोष्ठ का प्रभारी बनाया गया है। संयुक्त निदेशक सत्येंद्र सिंह राठौड़ तथा तहसीलदार विवेक चौधरी को मतदान कार्मिक परिचय पत्र एवं कल्याण प्रकोष्ठ की जिम्मेदारी दी गई है। 25 प्रकोष्ठों के गठन के साथ पंचायत राज चुनाव की प्रशासनिक तैयारियों के लिए जिम्मेदारियां निर्धारित कर दी गई हैं।

अस्वीकरण Disclaimer:

यह रिपोर्ट जिला प्रशासन की ओर से उपलब्ध कराई गई जानकारी पर आधारित है। पंचायत राज चुनाव 2026 से संबंधित निर्वाचन कार्यक्रम, मतदान तिथि और अन्य अंतिम प्रक्रियात्मक निर्णय सक्षम निर्वाचन प्राधिकारी द्वारा जारी आधिकारिक अधिसूचनाओं के अनुसार ही मान्य होंगे। इस रिपोर्ट के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय के लिए लेखक, प्रकाशक एवं संपादक किसी भी रूप में उत्तरदायी नहीं होंगे।

Rex TV India Author:अजय त्यागी October 2, 2026: 7:09 PM © 2026 Rex TV India Contact @ 91 6376887816 | rextvindia@gmail.com
— End of Article —