नीमकाथाना, राजस्थान (शिंभु सिंह शेखावत)। निकटवर्ती पाटन महाविद्यालय में नशा मुक्ति अभियान के तहत जागरूकता गोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य डॉ. मदन लाल मीणा ने की। गोष्ठी का उद्देश्य विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देना और उन्हें नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम में राजकीय आयुष चिकित्सालय, पाटन के आयुष चिकित्सक डॉ. मनोज कुमार मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए। उन्होंने विद्यार्थियों को नशे के विभिन्न प्रकार, उनसे होने वाले नुकसान और बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी भी दी। [Video]
मुख्य वक्ता डॉ. मनोज कुमार ने कहा कि यदि कोई दोस्त या परिवार का परिचित मजाक, शर्त अथवा केवल एक बार आजमाने के नाम पर नशे के लिए कहे, तो स्पष्ट और आत्मविश्वास के साथ मना करना चाहिए। जरूरत पड़ने पर बातचीत का विषय बदल देना चाहिए। उन्होंने बताया कि तंबाकू, शराब और अन्य नशीले पदार्थ शरीर तथा मस्तिष्क दोनों को नुकसान पहुंचाते हैं। इनका असर पढ़ाई, करियर और पारिवारिक जीवन पर भी पड़ता है। उन्होंने विद्यार्थियों को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने, नियमित व्यायाम करने और संतुलित भोजन अपनाने की सलाह दी।
नशा मुक्ति अभियान की रीढ़ माने गए 10 सखा सखियों को अतिथियों के हाथों नशा मुक्ति किट प्रदान की गईं। कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य डॉ. मदन लाल मीणा ने आदतों और नशे के संबंध पर विचार रखे। उन्होंने कहा कि समय के साथ छोटी छोटी आदतें भी नशे का रूप ले सकती हैं। नशा केवल पेय पदार्थों तक सीमित नहीं होता, बल्कि व्यक्ति के व्यवहार और आदतों में भी दिखाई दे सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को ऐसी आदतों के प्रति सतर्क रहने और नशा करने वाले दोस्तों के दबाव में नहीं आने की बात कही।
कार्यक्रम के समापन पर महाविद्यालय के विद्यार्थियों और शिक्षकों ने जीवन में कभी नशा नहीं करने की शपथ ली। गोष्ठी का संचालन नशा मुक्ति केंद्र प्रभारी ज्योति शर्मा ने किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के संकाय सदस्य किरण यादव, सरोज गुर्जर, रितु शर्मा और हंसराज घौसल्या उपस्थित रहे। आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने, अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखने और गलत संगति या सामाजिक दबाव के सामने दृढ़ता से मना करने का संदेश दिया गया। नशा मुक्ति अभियान के तहत दी गई जानकारी का उद्देश्य युवाओं में जागरूकता और स्वस्थ आदतों को बढ़ावा देना रहा।
अस्वीकरण (Disclaimer):
यह रिपोर्ट प्रेस विज्ञप्ति से प्राप्त तथ्यों पर आधारित है। इसका प्रकाशन केवल सूचना के उद्देश्य से किया गया है। इस रिपोर्ट के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय के लिए लेखक, प्रकाशक एवं संपादक किसी भी रूप में उत्तरदायी नहीं होंगे।
Author:अजय त्यागी
November 17, 2026: 6:56 PM
© 2026 Rex TV India
Contact @ 91 6376887816 | rextvindia@gmail.com